#मनोरंजन

टीवी अभिनेता रोहित चंदेल गिरफ्तार, नाबालिग से छेड़छाड़ और पीछा करने के आरोप; POCSO के तहत केस दर्ज

Advertisement Carousel

 

मुंबई। टेलीविजन अभिनेता रोहित चंदेल कानूनी विवादों में घिर गए हैं। मुंबई पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का कथित तौर पर पीछा करने, उसे लगातार परेशान करने और मारपीट करने के आरोप में अभिनेता को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार, रोहित चंदेल कथित तौर पर अपने मोबाइल नंबर और अन्य नंबरों से नाबालिग लड़की को बार-बार फोन कर परेशान कर रहे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 5 जुलाई को अभिनेता ने लड़की को उसकी रिहायशी इमारत के पास रोका, उसका पीछा किया, उससे बहस की, गाली-गलौज की और मारपीट भी की।

POCSO अदालत में पेश, पुलिस हिरासत में भेजे गए

पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर पंत नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और धारा 115(2) के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने शुक्रवार को दहिसर स्थित अभिनेता के घर से उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें विशेष POCSO अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे।

डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी

मामले की जांच के तहत पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा

29 वर्षीय रोहित चंदेल इन दिनों टीवी शो ‘सैरब’ में नजर आ रहे हैं। इससे पहले वह ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में बाजीराव और ‘पंड्या स्टोर’ में धवल मकवाना की भूमिका निभा चुके हैं।