ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका : राज्यसभा सांसद कोयल मलिक ने दिया इस्तीफा, TMC में बढ़ी सियासी हलचल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी में जारी इस्तीफों और बगावत के बीच अब अभिनेत्री से नेता बनीं कोयल मलिक ने भी राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा ममता बनर्जी के लिए एक और बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
महज तीन महीने पहले बनी थीं राज्यसभा सांसद
कोयल मलिक ने 6 अप्रैल 2026 को पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी। उन्हें तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा भेजा था, लेकिन शपथ लेने के महज तीन महीने बाद ही उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया। वह हाल के दिनों में राज्यसभा से इस्तीफा देने वाली टीएमसी की चौथी सांसद बन गई हैं।
पहले भी कई नेताओं ने छोड़ा TMC का साथ
कोयल मलिक के इस्तीफे से पहले टीएमसी के राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी पार्टी छोड़ चुके हैं। इसके अलावा पार्टी के कई नेताओं और सांसदों के बगावती रुख ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।
फिल्मों से राजनीति तक का सफर
राजनीति में आने से पहले कोयल मलिक बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री रही हैं। उन्होंने ‘नेटर गुरु’ (2003) से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की और ‘बंधन’, ‘शुभदृष्टि’, ‘पागलू’, ‘हेमलॉक सोसाइटी’ तथा ‘मितिन माशी’ जैसी सफल फिल्मों में अभिनय किया। अपने शानदार अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर बंगला, बीएफजेए अवॉर्ड और महानायक सम्मान सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं।
BJP में शामिल होने की अटकलें तेज
कोयल मलिक के इस्तीफे के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्तीफे के बाद उनकी भाजपा नेता भूपेंद्र यादव से मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि उन्होंने अभी तक अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
एक दिन पहले मदन मित्रा ने भी छोड़े थे पार्टी पद
इससे पहले ममता बनर्जी के करीबी नेता और कमरहाटी विधायक मदन मित्रा ने भी टीएमसी के सभी पदों से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर उनकी चिंताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया और बागी गुट का साथ देने का फैसला किया।





