#crime #प्रदेश

अब सरगुजा SSP के नाम से बनाई फर्जी Facebook ID, साइबर ठग भेज रहे फ्रेंड रिक्वेस्ट; पुलिस ने जारी किया अलर्ट

Advertisement Carousel

 

० राजेश अग्रवाल की फोटो का किया दुरुपयोग, लोगों से मोबाइल नंबर और निजी जानकारी लेने की कोशिश; साइबर सेल ने शुरू की जांच

सरगुजा। छत्तीसगढ़ में साइबर ठगों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब ठगों ने सरगुजा के एसएसपी राजेश अग्रवाल के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है। इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और मोबाइल नंबर समेत अन्य निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यह फेसबुक प्रोफाइल पूरी तरह फर्जी है और इसका उनसे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध आईडी पर भरोसा न करें और न ही अपनी कोई व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करें।

Meta को भेजी शिकायत, साइबर सेल कर रही जांच

एसएसपी ने बताया कि मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज करा दी गई है। फर्जी प्रोफाइल को हटाने के लिए मेटा (Meta) को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस तकनीकी जांच के जरिए फर्जी आईडी संचालित करने वाले आरोपियों की पहचान में जुटी है।

पहले भी अधिकारियों के नाम पर हुई ठगी की कोशिश

यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी सरगुजा और बलरामपुर के कलेक्टरों के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से ठगी का प्रयास किया जा चुका है। ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस ने आम लोगों से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल या संदेश की सत्यता जांचने की सलाह दी है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने कहा है कि यदि किसी अधिकारी के नाम से संदिग्ध फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज या कॉल मिले तो उसकी जानकारी तुरंत साइबर सेल या नजदीकी पुलिस थाने को दें। जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।