#प्रदेश

बलरामपुर में हाथियों का कहर: घरों में मचाई तबाही, ग्रामीण को कुचलकर उतारा मौत के घाट

Advertisement Carousel

० बारिश के बीच गांव में घुसे चार हाथियों का दल, जान बचाकर भाग रहे ग्रामीण पर किया हमला; वन विभाग ने दी तत्काल सहायता

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। राजपुर वन परिक्षेत्र के रेवतपुर ग्राम पंचायत के नवापारा में शुक्रवार देर रात चार हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने गांव में घुसकर कई घरों को नुकसान पहुंचाया और इस दौरान जान बचाकर भाग रहे एक ग्रामीण को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।

मृतक की पहचान बालम साय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात बारिश के बीच हाथियों का दल आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। अचानक हाथियों के गांव में घुसने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन इसी दौरान एक हाथी ने बालम साय पर हमला कर दिया और उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को शासन की ओर से तत्काल राहत सहायता राशि प्रदान की और आगे की प्रक्रिया शुरू की।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के दल को आबादी से दूर खदेड़ने और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने की मांग की है। वहीं वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है। फिलहाल हाथियों के दल की निगरानी की जा रही है ताकि किसी और अप्रिय घटना को रोका जा सके।