CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन मानसून रहेगा सक्रिय, रायपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। बुधवार को राजधानी रायपुर में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है, लेकिन शहर के कई हिस्सों में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
रायपुर का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को रायपुर में आसमान बादलों से ढका रहेगा और दिनभर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
धमतरी समेत कई जिलों में बारिश का असर
धमतरी जिले में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बांधों का जलस्तर बढ़ने के साथ कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।
इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज की गई। रायगढ़ में 13 सेंटीमीटर और पेंड्रा में 12 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पुसौर, तमनार, बरपाली, सारंगढ़, रामचंद्रपुर, अकलतरा, धाभरा, बलौदा, कुटरू सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई।
क्यों सक्रिय है मानसून?
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका, उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर बने चक्रीय परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से अरब सागर तक फैली द्रोणिका के प्रभाव से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। इन मौसम प्रणालियों के कारण कई स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलौदाबाजार, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद और बेमेतरा सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
येलो अलर्ट भी जारी
इसके अलावा महासमुंद, कबीरधाम, मुंगेली, सुकमा सहित कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों से अपील: मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और बिजली गिरने की आशंका के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।





