भिलाई में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत

० सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर तड़के हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे; पुलिस को वाहन से शराब की बोतलें मिलीं
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर गुंडिचा मंडप के सामने एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसा भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 4 बजे हुआ। मृतकों की पहचान दीपक गुप्ता और कौशिक दास के रूप में हुई है। दोनों सेक्टर-6 भिलाई के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मोर्चरी में रखवाया गया है।
प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त कार से शराब की बोतलें भी मिली हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं। इसके लिए अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है।





