19 घंटे बाद खत्म हुआ कांग्रेस का खम्हारडीह थाना घेराव, पुलिस को 7 दिन का अल्टीमेटम

० भाजपा नेताओं पर काउंटर FIR की मांग, लिखित आश्वासन के बाद कांग्रेस ने समाप्त किया धरना
रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना के बाहर कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना करीब 19 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर समाप्त हो गया। पुलिस अधिकारियों के साथ लंबी बैठक और उचित कार्रवाई के लिखित आश्वासन के बाद कांग्रेस ने अपना आंदोलन वापस ले लिया। हालांकि पार्टी ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर काउंटर एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है।
शुक्रवार दोपहर मध्य जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल, नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप समेत अन्य पुलिस अधिकारियों की कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक हुई। बैठक में पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का लिखित भरोसा दिया, जिसके बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर पथराव और हिंसा में शामिल भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ काउंटर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी।धरना और बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा, जरिता लैतफलांग और कुलदीप जुनेजा सहित कई नेता मौजूद रहे।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव किया था, जिसके दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव और झड़प हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने 12 नामजद कांग्रेस नेताओं समेत कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। कांग्रेस ने इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए गुरुवार शाम से खम्हारडीह थाने का घेराव शुरू किया था, जो शुक्रवार दोपहर समाप्त हुआ।





