डोंगरगढ़ भाजपा में बड़ा बवाल: 111 कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा, मंडल अध्यक्ष पर गुटबाजी और परिवारवाद के आरोप

० सोशल मीडिया पर वायरल हुआ इस्तीफा पत्र, संगठन की कार्यशैली से नाराजगी; भाजपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं
डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। शहर भाजपा मंडल के 111 कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। सामूहिक इस्तीफे की खबर सामने आते ही जिले की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि शहर मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली से नाराजगी इस पूरे घटनाक्रम की मुख्य वजह है।
सोशल मीडिया पर जिला भाजपा अध्यक्ष के नाम संबोधित सामूहिक इस्तीफा पत्र भी वायरल हो रहा है। पत्र में कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ने के पीछे संगठन के भीतर उपेक्षा, गुटबाजी और कथित परिवारवाद को कारण बताया है।
मंडल अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
इस्तीफा पत्र में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नौआना पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती तथा कुछ व्यापारी नेताओं के प्रभाव में काम कर रहे हैं। उनका दावा है कि संगठन के निर्णय कुछ चुनिंदा लोगों के दबाव में लिए जा रहे हैं, जबकि वर्षों से पार्टी के लिए काम करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि मंडल अध्यक्ष ने अपने करीबी लोगों को एक से अधिक पद दिलाने की अनुशंसा की, जबकि समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों से दूर रखा गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन में गुटबाजी और परिवारवाद को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया है।
पुरानी नाराजगी फिर आई सामने
कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति के समय भी संगठन के भीतर परिवारवाद को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद भाजपा युवा मोर्चा शहर अध्यक्ष पद पर हुई नियुक्ति को लेकर भी असंतोष सामने आया। नाराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि संगठन में सक्रिय भूमिका नहीं निभाने वाले लोगों को रिश्तेदारी के आधार पर अहम जिम्मेदारियां दी गईं।
नोटिस के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि संगठन की कार्यशैली पर सवाल उठाने वाले कुछ कार्यकर्ताओं ने पहले सोशल मीडिया के जरिए विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद उन्हें संगठन की ओर से नोटिस भी जारी किए गए। अब वही असंतुष्ट कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफे के साथ खुलकर सामने आ गए हैं, जिससे डोंगरगढ़ भाजपा का अंदरूनी विवाद सार्वजनिक हो गया है।
हालांकि, इस्तीफा पत्र में लगाए गए आरोप संबंधित कार्यकर्ताओं के हैं। शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नौआना, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत और पार्टी संगठन की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






