अरुण साव का बड़ा ऐलान : छत्तीसगढ़ में तीरंदाजी को मिलेगा नया मुकाम, हॉकी लीग भी जल्द

रायपुर। कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव के शानदार प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार खेलों के विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी में है। खेल मंत्री अरुण साव ने प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना, नई अकादमियों, हॉकी लीग और खिलाड़ियों के लिए विशेष योजनाओं का रोडमैप साझा किया।
खेल मंत्री अरुण साव ने बताया कि नवा रायपुर के सेक्टर-3 में 67 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल आर्चरी अकादमी बनाई जा रही है। इसके लिए 13.47 एकड़ जमीन निःशुल्क आवंटित की गई है और एनटीपीसी, एनआरएएनवीपी व खेल विभाग के बीच त्रिपक्षीय समझौता किया गया है।
जशपुर में भी बन रही आर्चरी अकादमी
जशपुर जिले में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से आर्चरी अकादमी का निर्माण कार्य जारी है। सरकार का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज तैयार करना है।
मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर 200 करोड़ से ज्यादा खर्च
नवा रायपुर के सेक्टर-28 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण दो चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण के लिए 114.05 करोड़ और दूसरे चरण के लिए 94.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
जशपुर और रायगढ़ में बनेंगे इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
कुनकुरी (जशपुर) में 64 करोड़ और रायगढ़ में 92 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे। दोनों परियोजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति जारी हो चुकी है।
जल्द होगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए जल्द ही हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच मिलेगा।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिली नई प्रतिभाएं
बस्तर ओलंपिक के दो संस्करणों में लाखों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वर्ष 2025 में 3.91 लाख खिलाड़ियों का पंजीयन हुआ, जबकि सरगुजा ओलंपिक 2026 में 3.49 लाख प्रतिभागियों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चुना गया।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन
राज्य ने पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 की मेजबानी की। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते। पदक विजेताओं के लिए स्वर्ण पर 2 लाख, रजत पर 1.5 लाख और कांस्य पर 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि घोषित की गई।
‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ के लिए 100 करोड़ का प्रावधान
वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम, फीडर सेंटर, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के कल्याण पर विशेष फोकस रहेगा।
लंबित खेल अलंकरण भी किए गए वितरित
अरुण साव ने बताया कि वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक लंबित राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित कर 1,143 खिलाड़ियों को पुरस्कार, नगद राशि और खेलवृत्ति प्रदान की गई।





