CM साय की पहल को मिलेगा नया मंच, राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर आत्मसमर्पित नक्सली महिलाएं करेंगी रैंप वॉक

० राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर कल 7 अगस्त को स्वदेशी फैशन शो,आत्मसमर्पित नक्सली महिलाएं रैंप पर दिखेंगी वाक करते, खादी और हाथकरघा कपड़ों में नजर आएंगी मॉडल
रायपुर। राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर कल 07 अगस्त को राजधानी रायपुर में आत्मसमर्पण करने वाली महिला नक्सली स्वदेशी कपड़ों से तैयार ड्रेस पहनकर फैशन शो में शामिल होंगी। साइंस कालेज के पास दीनदयाल आडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस फैशन शो में कुल 30 मॉडल हिस्सा लेंगी, जिनमें 12 आत्मसमर्पित नक्सली महिलाएं होंगी। ये महिलाएं इसी साल मार्च महीने या उसके बाद नक्सलवाद को छोड़कर मुख्यधारा में लौटीं हैं। फैशन शो में आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं को हिस्सेदार बनाने का मकसद उनका मनोबल बढ़ाना है और उनकी प्रतिभाओं को समाज में आगे लाना है। फैशन शो के बाद बस्तर की महिलायें अपना विचार भी रखेंगी। इस फैशन शो को ‘स्वदेशी फैशन शो’ का नाम दिया गया है। इस फैशन शो में आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं की भागीदारी से यह भी संदेश जाएगा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के राज में महिलाएं नक्सलवाद के दलदल से निकलकर अब खुली हवा में सांस लेने लगी है और उन्हें नया संसार मिलने लगा है।
राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर कार्यक्रम का शुभारंभ कल 07 अगस्त को सुबह 11 बजे होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ,ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव और राज्य हाथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराज देवांगन भी मौजूद रहेंगे। ग्रामोद्योग विभाग के सचिव और राज्य हाथकरघा संघ के प्रबंध संचालक राजेश सिंह राणा ने बताया कि इस कार्यक्रम में हाथकरघा संघ के नए प्रीमियम ब्रांड ‘कोशल फैब’ की लांचिग और बिलासा लोगो का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्य हाथकरघा संघ द्वारा तैयार इन्वेंटरी मैनेजमेंट की प्रस्तुति और लांचिग होगी। कार्यक्रम में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत बुनकरों की डायरेक्ट्री तथा टाई-डाई बांधनी रंगाई से निर्मित वस्त्रों से संबंधित पुस्तक का विमोचन होगा।
ग्रामोद्योग सचिव राजेश सिंह राणा ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर ग्रामोद्योग स्वदेशी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कार्यक्रम में अतिथिगण ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ चलित मोबाईल वैन का शुभारंभ भी करेंगे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा संघ द्वारा कक्षा 10 एवं 12 वीं उत्तीर्ण 935 बच्चों को 81 लाख 83 हजार रुपए प्रोत्साहन के तौर पर दिया जाएगा। कार्यक्रम में मंच पर 10 बच्चों को सांकेतिक रूप में राशि भी दी जाएगी। छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा संघ द्वारा 17 वरिष्ठ बुनकरों को 1.87 लाख सम्मान राशि भी दी जाएगी। मंच पर एक वरिष्ठ बुनकर को बुलाकर राशि दी जाएगी। चार बुनकरों को राज्य स्तरीय राजराजेश्वरी करूणामाता हाथकरघा प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। 49 बुनकरों को आवास निर्माण के लिए 36 लाख क़िस्त भी वितरित की जाएगी। भवन निर्माण के लिए पांच बुनकर समितियों को 24. 66 लाख की क़िस्त भी दी जाएगी। उन्नत करघे और सहायक उपकरण के लिए 85 बुनकरों को राशि दी जाएगी। 21 रेशम कृषकों को 15 लाख रुपये का वितरण होगा। खाड़ी बोर्ड द्वारा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत तीन हितग्राहियों को 2.80 लाख रुपए दिया जायेगा। हस्तशिल्प बोर्ड द्वारा उन्नत उपकरण सहायता के अंतर्गत काष्ट,लौह और बेलमेटल शिल्प के 30 हितग्राहियों को तीन लाख रुपए दिए जाएंगे।





