#राष्ट्रीय

CJP का बड़ा ऐलान, अगले महीने देशभर में चलेगा ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान

Advertisement Carousel

 

० संस्थापक अभिजीत दीपके बोले- जनता से सीधे संवाद कर जानेंगे देश का मिजाज, बेरोजगारी और शिक्षा को बनाएंगे राष्ट्रीय मुद्दा

छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अगले महीने देशभर में ‘क्या बोलती पब्लिक’ नाम से जनसंवाद अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि इस अभियान के जरिए आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, बेरोजगारी, शिक्षा और देश के मौजूदा हालात पर उनकी राय जानी जाएगी।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पार्टी की कोर टीम की दो दिवसीय बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में दीपके ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनता की आवाज सीधे सुनना और उसे राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है।

देशभर में होगा जनसंवाद अभियान

अभिजीत दीपके ने बताया कि कोर टीम की बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और देशव्यापी जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि पार्टी विभिन्न राज्यों और जिलों में जाकर लोगों से संवाद करेगी और उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने का प्रयास करेगी।

‘रोजगार सिर्फ छात्रों का नहीं, पूरे देश के युवाओं का मुद्दा’

दीपके ने हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि इस आंदोलन ने यह स्पष्ट कर दिया कि रोजगार का मुद्दा केवल छात्रों तक सीमित नहीं है। बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि बेरोजगारी आज देश के हर वर्ग के युवाओं की सबसे बड़ी चिंता बन चुकी है।

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की बात

उन्होंने कहा कि CJP बेरोजगारी को राष्ट्रीय मुद्दा बनाएगी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए भी अभियान चलाएगी। उनके अनुसार, शिक्षा लंबे समय से महंगी होती गई है और इसे मुनाफे का माध्यम बना दिया गया है। पार्टी ऐसी व्यवस्था में बदलाव चाहती है, जिसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सभी के लिए सुलभ हो।

हर राज्य में होंगे जनसंवाद और युवा सम्मेलन

दीपके ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न राज्यों में जनसंवाद कार्यक्रम, युवा सम्मेलन, बैठकें और जनजागरण अभियान आयोजित किए जाएंगे। उनका कहना है कि जब तक रोजगार के मुद्दे पर व्यापक जनदबाव नहीं बनेगा, तब तक प्रभावी समाधान निकलना मुश्किल होगा।

युवाओं से एकजुट होने की अपील

अभिजीत दीपके ने युवाओं से रोजगार और अपने अधिकारों के मुद्दे पर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

उन्होंने विश्वास जताया कि यदि युवा संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे, तो बेरोजगारी का मुद्दा राष्ट्रीय बहस के केंद्र में आएगा और नीति निर्माण में भी इसे गंभीरता से लिया जाएगा।