असम बाढ़ पीड़ितों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा ऐलान, 5 करोड़ रुपये की मदद देगी साय सरकार

रायपुर। असम में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। यह राशि असम में जारी राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए दी जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर बातचीत कर राज्य में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
संकट की घड़ी में असम के साथ छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता और राहत कार्यों में सहयोग के लिए राज्य सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
असम में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और राहत एवं पुनर्वास कार्य जारी हैं। ऐसे समय में छत्तीसगढ़ सरकार की यह सहायता प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




