CG News: नरहरा जलप्रपात में बड़ा हादसा टला, तेज बहाव में फंसे दो युवकों को लोगों ने बचाया

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भारी बारिश के बाद नरहरा जलप्रपात उफान पर है। इसके बावजूद पर्यटकों की लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को जलप्रपात के तेज बहाव में दो युवक फंस गए। गनीमत रही कि समय रहते आसपास मौजूद लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया और दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तेज बहाव में फंसे युवक
बताया जा रहा है कि दोनों युवक जलप्रपात में पानी के बीच उतर गए थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। तेज धार उन्हें अपने साथ खींचने लगी तो युवक घबरा गए और किसी तरह रेलिंग पकड़कर खुद को संभाला।
युवकों की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बचाव नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन की चेतावनी के बावजूद लापरवाही
बारिश के मौसम में नरहरा जलप्रपात का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ जाता है। प्रशासन की ओर से पर्यटकों को लगातार तेज बहाव और जलप्रपात के आसपास जाने से बचने की चेतावनी दी जाती है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर पानी में उतर रहे हैं।
पहले भी हो चुकी हैं मौतें
यह पहली बार नहीं है जब नरहरा जलप्रपात या आसपास के नदी-नालों में पर्यटकों की लापरवाही सामने आई हो। कुछ दिन पहले ही नदी के तेज बहाव में बहने से दो लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद लोग इन घटनाओं से सबक लेते नजर नहीं आ रहे हैं।
फिलहाल दो युवकों के समय रहते बच जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह घटना एक बार फिर बताती है कि बारिश के दौरान जलप्रपात और नदी-नालों के तेज बहाव के पास जाना जानलेवा साबित हो सकता है।




