#प्रदेश #राष्ट्रीय

Ayodhya Ram Mandir Donation Case: चंपत राय और अनिल मिश्रा को बड़ी राहत, SIT की रिपोर्ट में नहीं आया नाम; 8 आरोपी जांच के घेरे में

Advertisement Carousel

 

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी और गड़बड़ी के मामले में ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा को बड़ी राहत मिली है। प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी अंतिम रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। सूत्रों के मुताबिक, SIT की रिपोर्ट में चंपत राय और अनिल मिश्रा का नाम शामिल नहीं है।

रिपोर्ट को आगे की कार्रवाई के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दिया गया है। हालांकि, मामले की जांच पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में गठित दूसरी जांच टीम की पड़ताल अभी जारी है।

SIT की रिपोर्ट में 8 आरोपियों के नाम

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश सरकार की SIT की अंतिम रिपोर्ट में कुल 8 आरोपियों के नाम शामिल किए गए हैं। मामले की जांच के दौरान इन सभी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।

राम जन्मभूमि ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की शिकायत पर दर्ज FIR में अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, करुणेश पांडे और राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू को आरोपी बनाया गया था। इनके खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

चंपत राय और अनिल मिश्रा की भूमिका पर उठे थे सवाल

चढ़ावे की रकम में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद चंपत राय और अनिल मिश्रा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे थे। विवाद के बीच दोनों ने ट्रस्ट में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था।अब प्रदेश सरकार की SIT की अंतिम रिपोर्ट में दोनों का नाम नहीं होने से उन्हें राहत मिली है।

अभी खत्म नहीं हुई जांच

हालांकि, SIT की इस रिपोर्ट के बाद मामले का पूरी तरह पटाक्षेप नहीं हुआ है। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में गठित दूसरी जांच टीम की जांच अभी जारी है। ऐसे में चंपत राय और अनिल मिश्रा की भूमिका को लेकर अंतिम स्थिति दूसरी जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।