CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून का जोर, कई जिलों में झमाझम बारिश; रायपुर में भी गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में बुधवार को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
बागबाहरा में सबसे ज्यादा 14 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई। सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।
प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश बागबाहरा में 14 सेमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा महासमुंद, छुरा, राजिम और कोमाखान में 11-11 सेमी बारिश हुई।
आरंग, भटगांव, भाखरा, बिहारपुर और लटोरी में 9-9 सेमी, जबकि कुरूद, प्रतापपुर और गरियाबंद में 8-8 सेमी बारिश दर्ज की गई।
मगरलोड, कांसाबेल, कुनकुरी और मनोरा में 7-7 सेमी, जबकि छाल, चंद्रपुर, दुलदुला, खरोरा और चलगली में 6-6 सेमी बारिश हुई। तमनार, कुटरू, धाभरा, अंबिकापुर, गोबरा नवापारा, सूरजपुर, घरघोड़ा, पाटन, रायगढ़, बगीचा और कई अन्य स्थानों पर 5 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
बिलासपुर सबसे गर्म, दुर्ग में सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान दुर्ग में 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
अवदाब के असर से बढ़ी बारिश
मौसम में बदलाव की मुख्य वजह उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा क्षेत्र में बना मौसम तंत्र है। वर्तमान में एक अवदाब झारखंड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में सक्रिय है, जिसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
इसके अलावा मानसून द्रोणिका भी सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बुधवार को छत्तीसगढ़ में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
अगले दो दिन भी बारिश से राहत के आसार कम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। ऐसे में नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




