#Uncategorized

सावन में शिवभक्ति में डूबा रायपुर, CM साय ने किया रुद्राभिषेक; हजारों कांवड़िए महादेव के जलाभिषेक को रवाना

Advertisement Carousel

रायपुर। पवित्र श्रावण मास में राजधानी रायपुर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आई। गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सावन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

‘भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संगम है कांवड़ यात्रा’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। कठिन यात्रा के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह सनातन संस्कृति में आस्था की शक्ति को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का काम करते हैं।

हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर का बताया धार्मिक महत्व

मुख्यमंत्री ने महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर को छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का प्रमुख केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

CM साय ने की प्रदेशवासियों के लिए सुख-शांति की कामना
मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए तथा छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे समेत जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।