सोशल मीडिया कमेंट से भड़का विवाद, बिलासपुर में दो पक्षों के बीच जमकर पथराव; पुलिसकर्मी घायल

बिलासपुर। बिलासपुर में सोशल मीडिया कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। खपरगंज इलाके में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज का है। विवाद के दौरान मारपीट और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई युवकों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
टीआई के सिर में लगी चोट, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
पथराव के दौरान तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी के सिर में चोट आई। वहीं, तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की भी जानकारी है। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
कलेक्टर-एसएसपी ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मौके पर विधायक सुशांत शुक्ला समेत स्थानीय लोग भी पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने युवकों को समझाइश देकर माहौल शांत कराने का प्रयास किया।
देर रात तक गरमाया रहा माहौल
पथराव के बाद कोतवाली थाने में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़कों पर युवकों की भीड़ नारेबाजी करती नजर आई। देर रात तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।





