दुर्ग में भाजपा नेता पर चाकू से जानलेवा हमला, होटल में चाय पीते वक्त गले पर किया वार; आरोपी फरार

दुर्ग। रिसाली नगर निगम क्षेत्र में शनिवार सुबह चाकूबाजी की वारदात से सनसनी फैल गई। जोरातराई के वार्ड-37 में एक युवक ने भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके गले पर गंभीर चोट आई है। घायल भाजपा नेता को भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
होटल में चाय पी रहे थे भाजपा नेता
बताया जा रहा है कि राजेंद्र सिंह यादव शनिवार सुबह जोरातराई के एक स्थानीय होटल में बैठे चाय पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंचा और अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने उनके गले को निशाना बनाया। गंभीर चोट लगने से राजेंद्र यादव मौके पर ही गिर पड़े।घटना के बाद होटल और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
चार साल पहले आरोपी से थी दोस्ती
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजेंद्र यादव और आरोपी युवक के बीच करीब चार साल पहले दोस्ती थी। हालांकि लंबे समय से दोनों के बीच बातचीत नहीं हो रही थी। पुलिस अब पुराने विवाद समेत हमले की अन्य संभावित वजहों की जांच कर रही है।
वहीं, स्थानीय स्तर पर इस घटना को रिसाली नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी चर्चा हो रही है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल चुनावी विवाद को हमले की वजह नहीं माना है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद चाकू से हमला हुआ। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल हमले की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।




