#प्रदेश

CG News: 117 साल पुरानी गणेशोत्सव परंपरा में शामिल हुए CM साय, गोल बाजार में की गणपति बप्पा की पूजा; प्रदेश की खुशहाली की कामना

Advertisement Carousel

 

रायपुर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार भक्तिमय नजर आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार रात गोल बाजार पहुंचे और श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गणपति बप्पा को मुकुट पहनाकर किया पूजन

मुख्यमंत्री साय ने गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास बनाए गए गणेशोत्सव पंडाल में भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा की। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने गणपति बप्पा की आरती उतारी और छत्तीसगढ़ की प्रगति एवं प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा।

बोले- गणेशोत्सव समाज को जोड़ने वाली परंपरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने वाली छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का भी हिस्सा है।

उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि की दिशा में लगातार आगे बढ़े और प्रदेश के हर घर में सुख-शांति बनी रहे।

117 वर्षों से जारी है गणेशोत्सव

मुख्यमंत्री साय ने गोल बाजार में 117 वर्षों से लगातार चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी परंपरा को जीवंत बनाए रखना विशेष उपलब्धि है। ऐसी परंपराएं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।

भव्य गणेश प्रतिमा देखने पहुंचते हैं श्रद्धालु

गोल बाजार के हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यहां स्थापित होने वाली गणेश प्रतिमा अपनी भव्यता और आकर्षक स्वरूप के लिए प्रसिद्ध है। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।

ढोल-नगाड़ों के बीच CM साय का स्वागत

मुख्यमंत्री के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच फूल-मालाओं और गजमाला से उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया।

150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी की पूजा

गणेश प्रतिमा के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री साय गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।