CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, आज भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट; 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को कई इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए भी अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार रात मौसम बदला, लेकिन उमस भरी गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली। हालांकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने से जगदलपुर और आसपास के इलाकों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। रायपुर में भी बुधवार को बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
डीप डिप्रेशन में बदल सकता है सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर की सुबह 11:30 बजे डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्व देशांतर के पास स्थित था। यह पिछले छह घंटों में करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा।
इसके आगे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने की संभावना जताई गई है। इस मौसम प्रणाली का प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा।
आज कई इलाकों में भारी बारिश के आसार
बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 23 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
अधिकतम तापमान: करीब 31°C
न्यूनतम तापमान: करीब 25°C
दक्षिण छत्तीसगढ़ में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे तक के लिए दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव शामिल हैं।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश?
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कवर्धा में 4 सेमी, जबकि राजपुर और कोटा में 3 सेमी बारिश हुई। वहीं चांदो, भैयाथान, मरवाही और दर्री में 2 सेमी तथा जांजगीर, लोरमी, कोरबा और अजगरबहार में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।





