भूपेश बघेल का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- आज चुनाव हुए तो एक इनोवा में सिमट जाएगी भाजपा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए राज्य सरकार को कई मुद्दों पर घेरा है। उन्होंने धान खरीदी की तैयारियों, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी, पटवारियों की हड़ताल और ओबीसी जनगणना को लेकर सवाल उठाए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के 15 नवंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर भी उन्होंने टिप्पणी की। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा के कुशासन से किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी और कर्मचारी सभी परेशान हैं। आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा के विधायक एक इनोवा में सिमट जाएंगे।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का लगाया आरोप, युवा वोटर्स के नाम छूटने का दावा
आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर भूपेश बघेल ने चुनाव आयोग और राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 5 हजार से अधिक नए मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं। वहीं, पूरे छत्तीसगढ़ में करीब 25 हजार नए मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
बघेल ने कहा कि बिना परिसीमन के लगभग 25 हजार मतदाताओं के नाम दूसरे वार्डों में स्थानांतरित कर दिए गए हैं। इससे पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा मतदाताओं के साथ अन्याय हुआ है और जेन-जी के वोटिंग अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने चुनाव आयोग से मतदाता सूची की गड़बड़ियों को तत्काल सुधारने और छूटे हुए नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की मांग की। बघेल के मुताबिक, उनके मुद्दा उठाने के बाद सुधार के लिए तारीखें बढ़ाई गईं, लेकिन अब तक सभी विसंगतियां दूर नहीं हुई हैं।
धान खरीदी की तैयारियों पर सरकार से मांगा श्वेत पत्र
धान खरीदी को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी एक नवंबर से शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन सरकार की तैयारियां स्पष्ट नहीं हैं। किसानों को प्रति एकड़ आदान सहायता देने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस की योजना को ही आगे बढ़ा रही है।
बघेल ने आरोप लगाया कि आदान सहायता के नाम पर किसानों को झुनझुना पकड़ााया जा रहा है और सरकार पूरी उपज खरीदने से बचना चाहती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सभी खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने उपलब्ध हैं? धान के भंडारण के लिए पर्याप्त जगह है? किसानों को समय पर भुगतान करने के लिए सरकार के पास पर्याप्त राशि है?
उन्होंने राइस मिलर्स से जुड़े मुद्दे पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या पिछले वर्ष का पूरा चावल जमा हो चुका है? यदि चावल जमा नहीं हुआ है तो धान के उठाव के लिए डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) कैसे जारी होंगे?
बघेल ने कहा कि धान खरीदी केवल तारीख घोषित करने से पूरी नहीं होती। इसके लिए बारदाने, भंडारण, भुगतान और राइस मिलर्स के साथ समन्वय जरूरी है। उन्होंने सरकार से धान खरीदी की तैयारियों और पूरी व्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
ओबीसी जनगणना को लेकर केंद्र सरकार पर उठाए सवाल
जनगणना-2027 में ओबीसी वर्ग की गणना को लेकर भी भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जातिगत जनगणना को लेकर लगातार दावे कर रहे हैं, लेकिन राजपत्र में जारी जनगणना फॉर्म के कॉलम नंबर 10 में ओबीसी का विकल्प नहीं दिया गया है।
बघेल ने सवाल किया कि यदि जातिगत जनगणना की बात हो रही है तो ओबीसी वर्ग की गणना का स्पष्ट प्रावधान क्यों नहीं दिखाई दे रहा है? उन्होंने कहा कि केवल अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति ही नहीं, बल्कि अन्य पिछड़ा वर्ग की आबादी और सामाजिक स्थिति से जुड़े आंकड़े भी सामने आने चाहिए। उनके अनुसार, जनगणना के आंकड़े देश की सामाजिक और आर्थिक नीतियां तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पटवारियों की हड़ताल पर सरकार को घेरा
धान खरीदी के ठीक पहले पटवारियों की हड़ताल को लेकर भी बघेल ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बातचीत से समस्या का समाधान निकालने के बजाय आंदोलनरत पटवारियों को सर्विस ब्रेक, निलंबन और निष्कासन की चेतावनी दे रही है।
बघेल ने कहा कि राजस्व विभाग के हजारों मामले लंबित हैं। फौती, बंटवारा और नामांतरण के प्रकरण अटके हुए हैं। गिरदावरी और अनावरी रिपोर्ट अपलोड नहीं हो पा रही हैं, जिससे किसानों का पंजीयन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि तूफान और बेमौसम बारिश से हुए नुकसान के मुआवजे के लिए सर्वे का काम भी रुका हुआ है। ऐसे में किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बघेल ने सरकार से पटवारियों की मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने की अपील की।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे पर भी कसा तंज
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के 15 नवंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने छठ पर्व का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को छठ पूजा है। पहले नितिन नवीन अपने निर्वाचन क्षेत्र में यह पर्व मनाया करते थे, लेकिन उपचुनावों में हार के बाद अब वे वहां जाने से घबरा रहे हैं। यह टिप्पणी करते हुए उन्होंने भाजपा के राजनीतिक हालात पर भी तंज कसा।





