Close

आदिवासी महासम्मेलन से भाजपा का चुनावी शंखनाद, भूपेश सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान

अंबिकापुर। उत्तरी छत्तीसगढ़ के संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में भाजपा ने जनजातीय अधिकार महासम्मेलन के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनाव को शंखनाद किया। शनिवार को कलाकेंद्र मैदान में केद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के मुख्य आतिथ्य में आयोजित महासम्मेलन में भाजपा ने प्रदेश की भूपेश सरकार पर आदिवासियों का हक छीनने एवं केंद्र की योजनाओं से जनजातीय समाज को वंचित करने का आरोप लगाते हुए सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। महासम्मेलन में सरगुजा संभाग के पांच जिलों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। महासम्मेलन के माध्यम से भाजपा ने शहर में शक्ति प्रदर्शन भी किया।

अंबिकापुर में भाजपा के दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद कलाकेंद्र मैदान में जनजातीय अधिकार महासम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश में जनजातीय समाज को सम्मान देने का काम मोदी सरकार कर रही है। देश में प्रथम आदिवासी वर्ग की महिला श्रीमती द्रोपदी मुर्मु को देश के सर्वोच्च पद पर भाजपा ने पदासीन किया। बिरसा मुंडा की जयंती पर आदिवासी गौरव दिवस मनाने की शुरूआत की गई। कुलस्ते ने कहा कि देश में जनजातीय समुदाय को उनका सम्मान देने की शुरूआत छत्तीसगढ़ से हुई थी। जब अटल जी विपक्ष में थे और बिलासपुर में जनजातीय सम्मेलन में वे आए थे, तब उनसे आदिवासी कल्याण मंत्रालय बनाने एवं वर्षों से वनभूमि पर रह रहे जनजातीय समुदाय को पट्टा देने पर बात हुई थी।

अटल जी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद आदिवासी कल्याण मंत्रालय बनाया और वन अधिकार की शुरूआत की। उन्होंने केंद्र एवं रमन सरकार के कार्यकाल की योजनाओं एवं उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि केंद्र की योजनाओं का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ में नहीं हो रहा है। केंद्र सरकार कांग्रेस की सरकारों से कई गुना ज्यादा पैसे भेज रही है, लेकिन प्रदेश की भूपेश सरकार योजनाओं का सदुपयोग नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि 2023 के चुनाव में भाजपा को भारी मतों से जीत दिलाएं।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने आदिवासी वर्ग की चिंता की है। त्रुटियों के कारण आदिवासी सूची से छूटे 12 जातियों को सूची में शामिल कर लिया गया है। प्रदेश की भूपेश सरकार ने आदिवासी वर्ग का आरक्षण कम कर अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की प्रतिष्ठा के लिए जो कार्य मोदी सरकार ने किया है वह कभी इतिहास में नहीं हुआ। मोदी सरकार देश के विकास में निरंतर कार्य कर रही है। ऐसा रोडमैप तैयार किया जा रहा है कि वर्ष 2047 तक भारत विश्व का सबसे विकसित राज्य होगा।

रमन बोले- झूठ बोलकर आए सत्ता में-पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले चुनाव में झूठ बोलकर सत्ता में आई। सरगुजा के लोगों को कहा गया कि टीएस सिंहदेव मुख्यमंत्री बनेंगे। भूपेश बघेल ने यहां के राजा को ऐसा झटका दिया कि राजा घूमता रह गया। रमन सिंह ने कहा कि केंद्र द्वारा भेजे गए 16 लाख आवास प्रदेश में भूपेश बघेल की सरकार खा गई। पांच किलो अतिरिक्त चावल को खा गए। हमारी योजनाएं बंद कर दी गईं। ऐसी सरकार को बदलने का संकल्प लेकर लोग यहां से जाएं।

विष्णुदेव बोले-चोर-डकैत बैठे हैं सरकार में
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि चोर और डकैत छत्तीसगढ़ की सरकार में बैठे हैं। भूपेश बघेल आदिवासी समुदाय का हक छीन रहे हैं। केंद्र के पैसों का उपयोग छत्तीसगढ़ में लोगों के विकास में नहीं हो रहा है। प्रदेश के मंत्री अमरजीत भगत ने जशपुर में विशेष संरक्षित कोरवा जनजाति के लोगों की 25 एकड़ जमीन अपने बेटे के नाम करा ली थी। भाजपा के दबाव में उसे वापस करना पड़ा। ऐसे लोगों की सरकार चल रही है, जिसे उखाड़ फेंकना है।

कई दिग्गज रहे मौजूद

आदिवासी महासम्मेलन को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिव प्रकाश, सांसद गोमती साय, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर, राम सेवक पैकरा सहित प्रबल प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
सरगुजा से सत्ता में वापसी के रास्ते तलाश रही भाजपा- सरगुजा संभाग की 14 सीटों में वर्ष 2018 के चुनाव में भाजपा को सभी सीटों में करारी शिकस्त मिली थी। वर्ष 2003 में जोगी सरकार के कार्यकाल के बाद हुए चुनाव में भाजपा ने सरगुजा संभाग में जबरदस्त प्रदर्शन किया था और आदिवासी बाहुल्य सरगुजा व बस्तर की सीटों के दम पर भाजपा सत्तासीन हुई थी। भाजपा के लिए सरगुजा में खोने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन हालात भी बेहतर नहीं कहे जा सकते। कई गुटों में बंटी भाजपा के पुराने चेहरे लोगों द्वारा नकार दिए हैं। पिछले साढ़े चार सालों में विपक्ष की भूमिका में भाजपा कुछ खास नहीं कर सकी। आदिवासी महासम्मेलन में हजारों लोगों की भीड़ से भाजपा पदाधिकारी उत्साहित हैं।

scroll to top