Close

रामनवमी के लिए रंग बिरंगे फूलों और रोशनियों से सजा रामलला का भव्य और दिव्य राम मंदिर

अयोध्या। अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर रामनवमी के लिए सजकर तैयार हो गया है। प्राण प्रतिष्ठा की तरह ही मंदिर को फूलों से सजाया गया है। रात के समय मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से मंदिर की तस्वीरें जारी की गई हैं, जो सब का मन मोह लेगी।
बता दें कि 17 अप्रैल 2024 को राम मंदिर में धूमधाम से रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा। इस बार की रामनवमी बेहद खास है। क्योंकि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पहली बार प्रभु श्रीराम के जन्म स्थान अयोध्या में बने भव्य महल में रामनवमी मनाई जाएगी। इसके लिए मंदिर ट्रस्ट ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थी। राम मंदिर को रंग बिरंगे फूलों और रोशनियों से सजाया गया है।

रामनवमी के दिन रामलला का सूर्य तिलक किया जाएगा। अयोध्या के भव्य राम मंदिर में विराजमान रामलला का सूर्य तिलक होगा। इस दौरान सूर्य की किरणें रामलला के मस्तक को लगातार 4 मिनट तक सुशोभित करेंगी। सूर्य तिलक को लेकर एक वैज्ञानिकों का दल बनाया गया है, जो कुछ दिनों से इसके उपकरणों को मंदिर में संयोजित कर रहा था।

रामनवमी के दिन राम मंदिर में करीब 40 लाख भक्तों के आने की संभावना है। जिसे देखते हुए तीन दिनों तक 20 घंटे के लिए राममंदिर खोला जाएगा। रामलाल भक्तों को 19 घंटे दर्शन देंगे। राम जन्मोत्सव के दिन सुबह 3:30 बजे से ही भक्त दर्शन के लिए लाइन में लग सकेंगे। रात 11 बजे तक श्रृंगार, राग-भोग व दर्शन साथ-साथ चलते रहेंगे।

श्री राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि दुनिया का यह पहला भगवान राम का मंदिर है। यह बहुत ही अद्भुत मंदिर है। रामनवमी पर यहां अद्भुत दृश्य दिखाई देगा। भगवान रामलला के ललाट पर सूर्य की किरणें पड़ेंगी, इस तरह का यह विश्व का पहला मंदिर है।

 

scroll to top