Close

सलमान खान के घर फायरिंग मामला: गोलीबारी में शामिल आरोपियों को गुजरात से किया गया गिरफ्तार, बिहार के मोतिहारी के रहने वाले हैं दोनों

मुंबई/मोतिहारी। मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी करने वाले एक व्यक्ति समेत दो लोगों को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कच्छ-पश्चिम के उप महानिरीक्षक महेंद्र बागड़िया ने बताया कि बिहार के रहने वाले विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को सोमवार देर रात गुजरात के कच्छ जिले के माता नो माध गांव से गिरफ्तार किया गया।

बागड़िया ने बताया कि तकनीकी निगरानी के आधार पर कच्छ-पश्चिम और मुंबई पुलिस के संयुक्त दल ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया क्योंकि शिकायत वहां दर्ज है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पाल और गुप्ता दोनों को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने सलमा के घर पर गोलीबारी करने के लिए कहा था। बागड़िया ने बताया कि जब पाल ने गोलीबारी की, तो गुप्ता गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था। रविवार सुबह करीब पांच बजे, मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में 58 वर्षीय खान के घर के बाहर मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने गोलीबारी की और फरार हो गए।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों शूटर मोतिहारी जिला के चकिया ब्लॉक के ग्राम मसही तहसील नरकटिया के रहने वाले हैं। ये दोनों फरवरी के महीने में मुंबई आए थे और तभी से फायरिंग का प्लान तैयार कर रहे थे। आरोपियों ने नवी मुंबई के पनवेल में एक महीने के लिए एक घर किराए पर लिया था, जहां अभिनेता का फार्महाउस है। दोनों शूटरों के आपराधिक इतिहास को लेकर मुंबई पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क किया है। इस मामले में ADG लॉ एंड ऑडर संजय सिंह ने कहा कि मुंबई पुलिस की हर संभव मदद की जायेग। वहीं इस मामले में बिहार कनेक्शन सामने आने के बाद राज्य की पुलिस भी सतर्क है।

 

scroll to top