Close

भाजपा का मिशन-2023 पर मंथन, संगठन को मजबूत करने की बनी रणनीति

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली हैं। दुर्ग जिले में प्रदेश कार्यसमिति व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें भूपेश सरकार को घेरने व मिशन-2023 की रणनीति बनी। संगठन को बूथ लेवल तक मजबूत करने और प्रदेश सरकार की नाकामियों को जनता पहुंचाने पर मंत्रणा की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे सहित प्रदेश के दिग्गज नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस की भूपेश सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त-नितिन नवीन

मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है। रेत और कोल माफियाओं से सरकार घिरी हुई है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री के करीबियों के यहां छापे पड़े, जिसमें करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ है। नवीन ने भूपेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सूर्यकांत तिवारी ने जो बयान दिया है, उस पर कांग्रेस सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। राज्य में कांग्रेस की सरकार हैं। सूर्यकांत तिवारी यदि भाजपा के नेताओं पर आरोप लगा रहे हैं तो उन्हें कार्रवाई करनी चाहिए। चाहे दोषी कोई भी हो।

युवराज को खुश करने में लगी सरकार

नितिन नवीन ने भूपेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रदेश सरकार कांग्रेस के युवराज को खुश करने में लगी है। छत्तीसगढ़ सरकार के इशारों पर यहां की पुलिस दूसरे राज्य में एक पत्रकार को गिरफ्तार करने पहुंच जाती है। स्थानीय पुलिस को जानकारी भी नहीं देती। पत्रकार को गिरफ्तार करने में सीजी की पुलिस ने जितनी तत्परता दिखाई, ऐसी तत्परता प्रदेश में हो रहे अपराध को रोकने या अपराधियों की धरपकड़ करने में नहीं दिखाती।

एनडीए प्रत्याशी के लिए मांगा समर्थन 

आरोप-प्रत्यारोप के बीच भाजपा नेता नितिन नवीन ने भूपेश सरकार से राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि पहली बार एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिए चुना गया है। छत्तीसगढ़ के लाखों आदिवासियों के भावनाओं को देखते हुए प्रदेश सरकार को द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देना चाहिए। ट्राइबल स्टेट में अगर खिलाफ में वोटिंग हुई तो यह प्रदेश की जनता का अपमान होगा। जनता के प्रतिनिधियों को सोचना चाहिए।

One Comment
scroll to top