Close

बस्तर रेंज के पुलिस जवानों का ‘पोदला उरस्कना-2022’, कॉलेज छात्रावास में रोपे पौधे

जगदलपुर। हरेली त्यौहार के अवसर पर बस्तर रेंज पुलिस ने पौधारोपण अभियाान ‘‘पोदला उरस्कना-2022’’ का गुरुवार को शुभारम्भ किया। अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय छात्रावास परिसर, धरमपुरा जगदलपुर में अनेक प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया।

बता दें कि पुलिस पर्यावरण संरक्षण व हरियाली के लिए बस्तर संभाग के सभी सातों जिलों में क्रम से पौधारोपण अभियान चला रही है। इसके तहत जिला कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर, बस्तर, दन्तेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा में 28 जुलाई से 09 अगस्त तक अनेक प्रजाति के बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे। आज के हरियाली आमावस्या कार्यक्रम में त्यौहार के प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी एवं नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया।

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने पौधारोपण अभियान पोदला उरस्कना के शुभारंभ अवसर पर बताया कि बुनियादी पुलिसिंग के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस एवं समाज के बीच के संबंध मजबूत एवं मधुर बनाने के उद्देश्य से ‘पोदला उरस्कना’ पौधारोपण अभियान बस्तर रेंज के सभी जिलों में चलाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में आयोजित की गई ‘पोदला उरस्कना-2021’ पौधारोपण अभियान के दौरान बस्तर संभाग अंतर्गत सभी जिलों में पुलिस एवं सुरक्षा बल के सदस्य जन भागीदारी से कुल 11,970 पौधे लगाए गए थे।

“पोदला उरस्कना” पौधारोपण अभियान के दौरान पुलिस एवं केन्द्रीय अर्द्ध सैनिक बल के सुरक्षा बलों के सदस्यों ने वन विभाग, उद्यानिकी विभाग, नागरीय प्रशासन, ग्राम पंचायत, सामाजिक संगठनों के साथ भागीदारी दी। जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करते हुए क्षेत्र की जनता की भागीदारी से सभी शासकीय कार्यालय, आवासीय परिसरों, पुलिस थाना, चौकी, रक्षित केन्द्र एवं सुरक्षा कैम्पों में उपयुक्त स्थल, भूमि के साथ-साथ विद्यालय, महाविद्यालय, शासकीय कार्यालयीन संस्थानों के परिसरों, सार्वजनिक स्थानों में पौधे रोपे गए।

“पोदला उरस्कना” पौधारोपण अभियान के शुभारंभ अवसर पर वरिष्ठ समाज सेवी पद्श्री धर्मपाल सैनी, नगर निगम महापौर सफीरा साहू, सभापति कविता साहू, पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी., कलेक्टर जिला बस्तर चंदन कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोहित व्यास, आयुक्त नगर निगम जगदलपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगदलपुर, वरिष्ठ पार्षद, गणमान्य नागरिक, समाजिक प्रतिनिधि एवं इन्द्रावती बचाओ अभियान के पदाधिकारियों के साथ छात्र-छात्राएं मौजूद रहेl

scroll to top