Close

पुरानी पेंशन लागू करने अड़े बिजलीकर्मी, कंपनी प्रबंधन को उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

रायपुर। प्रदेश के बिजलीकर्मी पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने को लेकर अड़ गए हैं। उन्होंने पॉवर कंपनी के डंगनिया मुख्यालय में जंगी प्रदर्शन किया। इसमें संयुक्त मोर्चा के बैनरतले प्रदेशभर के विभिन्न बिजलीकर्मी संगठनों के प्रतिनिधि एवं विद्युतकर्मी शामिल हुए, उन्होंने एक स्वर में प्रबंधन को चेतावनी दी कि कर्मचारियों के पुरानी पेंशन स्कीम लागू नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
राज्य की तीनों पॉवर कंपनियों में कार्यरत हजारों अधिकारियों/कर्मचारियों इसकी मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में सयुंक्त मोर्चा के संयोजक बीबी जायसवाल, सौमित्र दुबे ने कहा कि राज्य शासन ने सभी कर्मचारियों के लिए नई पेंशन स्कीम को हटाकर पुरानी पेंशन स्कीम के दायरे में ला दिया है। इसे 16 महीने बीतने के बाद भी पॉवर कंपनी प्रबंधन अपने कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं दे रही है। पॉवर कंपनी प्रबंधन द्वारा पुराने ओ.पी.एस के अतंर्गत आने वाले कर्मचारियों को पेंशन देने वाले ट्रस्ट में राशि की कमी बताकर टालमटोल की नीति अपनाकर पुरानी पेंशन योजना की बहाली नहीं की जा रही है।

पॉवर कंपनी पेंशन ट्रस्ट में धन की कमी का बहाना बनाकर एन.पी.एस. कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं देना सर्वथा अनुचित है क्योंकि इस संबंध में प्रबंधन द्वारा यह अध्ययन कराया जा चुका है कि नये कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने पर कंपनी पर कोई भी आर्थिक भार नहीं आना है और वर्तमान पेंशन ट्रस्ट में राशि की कमी कंपनी प्रबंधन की नाकामी के कारण है। सन् 2004 के बाद नियुक्त विद्युत कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने से पुराने ट्रस्ट की वृद्धि या कमी से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि एन.पी.एस. के स्थान पर ओ.पी.एस. लागू करने से पुराने पेंशन कर्मियों को भविष्य की अनिश्चितता से राहत होगी। इसी कारण से विद्युत कंपनियों के सभी संगठन ओ.पी.एस. बहाली चाहते हैं।

यदि प्रबंधन द्वारा राज्य शासन के अनुरूप ओ.पी.एस. की मांग नहीं मानी जाती है, तो उस स्थिति में विद्युत कर्मियों द्वारा ओ.पी.एस. द्वारा अपने परिवारों के आर्थिक स्वावलंबन के लिए अनिश्चितकालीन अवकाश में जाकर आंदोलन करने के कठिन निर्णय लेने हेतु बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल पत्र उपाधि अभियंता संघ के प्रांतीय अध्यक्ष भूपेश वर्मा, प्रांतीय महासचिव बी बी जयसवाल, प्रांतीय संगठन सचिव तनोज कुमार मित्रा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष दीपेंद्र मुखर्जी एवं प्रांतीय विधि सलाहकार समीर पांडे, छत्तीसगढ़ विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेंद्र शुक्ला एवं राजेश खरे, दास गुप्ता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल आरक्षित वर्ग अधिकारी कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव शशांक धावरे, पाटिल विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन, इंटका के अध्यक्ष श्री राम भाऊ एवं सुधीर नायक ऑफिसर एसोसिएशन के महासचिव सौमित्र दुबे संगठन सचिव अजय शर्मा एवं कोषाध्यक्ष राजेश तांती, छत्तीसगढ़ तकनीकी विद्युत कर्मचारी एकता यूनियन से ताम्रध्वज साहू (अध्यक्ष), श्रीकांत सिंह ठाकुर(महामंत्री), जितेंद्र सिंह ठाकुर (संगठन मंत्री), डॉक्टर एसोसिएशन से डॉ.नीलेश सिंह भी उपस्थित थे

scroll to top