#crime #प्रदेश

CG Breaking : महासमुंद बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग फरार: खिड़की की ग्रिल तोड़कर भागे, पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

Advertisement Carousel

 

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित बरोंड़ा बाजार बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के आठ नाबालिग फरार हो गए। सभी ने कथित तौर पर खिड़की की ग्रिल तोड़कर परिसर से भागने में सफलता हासिल की। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

महासमुंद जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच आठ नाबालिग फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर परिसर से बाहर निकलने के बाद फरार होने में सफलता हासिल की।

जानकारी के मुताबिक, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले 4 से 5 महीनों के दौरान विभिन्न मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक नाबालिग दुष्कर्म के मामले में, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य पर एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। सभी नाबालिग महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और ओडिशा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने फरार नाबालिगों की तलाश के लिए जिले और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान शुरू किया है। साथ ही संबंधित थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

गौरतलब है कि लगभग दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से नाबालिगों के फरार होने की घटना सामने आई थी। दोबारा हुई इस घटना के बाद संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार नाबालिगों की तलाश जारी है।