Korba Accident: कटघोरा में यादव बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, 10 से ज्यादा घायल

कोरबा के कटघोरा में सेनानी पेट्रोल पंप के पास यादव बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर में 10 से अधिक लोग घायल हो गए। सड़क किनारे खड़े ट्रकों को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर से कोरबा आ रही यात्रियों से भरी यादव बस और एक बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, जिनमें आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं बोलेरो में सवार चार लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों वाहनों में सवार कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
सड़क किनारे खड़े ट्रकों को बताया जा रहा हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण बस और बोलेरो को पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने में जुटे हैं।
फिलहाल सभी घायलों का कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





