Close

नए अध्यक्ष अरुण साव होंगे पार्टी के लिए बेहतर विकल्प, भाजपा ने किया नियुक्ति का स्वागत

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने अपने नवनियुक्त अध्यक्ष अरुण साव का स्वागत किया है। वहीं साव को शुभकामनाएं व बधाई दी है। पदाधिकारियों ने कहा है कि अब प्रदेश भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा। अरुण साव संगठन क्षमता के धनी हैं और कार्यकर्ताओं से निकट से जुड़े हैं।

प्रदेश भाजपा ने कहा कि छात्र जीवन से ही साव अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए भाजपा संगठन के विभिन्न उत्तरदायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते रहे हैं। उनके संगठन नेतृत्व में भाजपा अपना लक्ष्य हासिल करेगी। निवर्तमान अध्यक्ष विष्णुदेव साय का कार्यकाल अच्छा रहा। उनके नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ की जनविरोधी कांग्रेस सरकार के विरुद्ध व्यापक संघर्ष किया है। आगे के संघर्ष की जिम्मेदारी अरुण साव को मिली है। उनके नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा।

साव बेहतर संगठक, पार्टी को मिलेगा लाभः विष्णुदेव
भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि पूरे कार्यकाल में संगठन की मजबूती के लिए काम किया। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन के साथ ही कार्यकर्ताओं का आत्मीय सहयोग मिला। साय ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिले मार्गदर्शन व सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष अरुण साव को बधाई दी। कहा कि साव बेहतर संगठक हैं। उनकी योग्यता का लाभ पार्टी को मिलेगा।

संगठन और अधिक मजबूत होगाः डॉ. रमन
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नवनियुक्त अध्यक्ष अरुण साव को बधाई देते हुए कहा है कि संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनविरोधी कांग्रेस सरकार के विरुद्ध व्यापक संघर्ष किया है। आगे की जिम्मेदारी अरुण साव को मिली है।

ऊर्जावान नेतृत्व का लाभ पार्टी को मिलेगाः धरमलाल कौशिक
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि संगठन में परिवर्तन सामान्य प्रक्रिया है। विष्णुदेव साय ने संगठन की मजबूती के लिए कुशलता से काम किया है। अब अरुण साव के रूप में एक और ऊर्जावान नेतृत्व को सामने लाया गया है, जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा।

जनविरोधी सरकार के खिलाफ संघर्ष को आगे बढ़ाएंगेः अजय चंद्राकर
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने विष्णुदेव साय के नेतृत्व की सराहना की। कहा कि नवनियुक्त अध्यक्ष श्री साव को जो दायित्व पार्टी ने सौंपा है उसमें हर एक कार्यकर्ता पूरी क्षमता से सहयोग करेगा और भाजपा अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनता की आवाज बुलंद करते हुए प्रदेश सरकार के विरुद्ध संघर्ष किया है। कार्यकर्ताओं के साथ हम सभी जनविरोधी कांग्रेस सरकार के खिलाफ संघर्ष को आगे बढ़ाएंगे।

सांसद-विधायकों ने किया साव का स्वागत
भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष अरुण साव को सभी भाजपा सांसदों, विधायकों एवं प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों सहित भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष श्यामबिहारी जायसवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित साहू, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष अखिलेश सोनी, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष नवीन मार्कण्डेय, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष विकास मरकाम सहित सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, प्रदेश मीडिया प्रभारी, सभी प्रवक्ताओं व पैनालिस्ट व मीडिया सदस्यों ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

जनपद सदस्यों ने दी शुभकामनाएं
बसना विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता मनोज अग्रवाल एवं भाजपा महिला मोर्चा मंडल बसना की अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य जनपद पंचायत बसना श्रीमती श्वेता अग्रवाल, जनपद सदस्य बसना मिट्ठू जगजीत अग्रवाल ने भी श्री साव को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की है।

scroll to top