Close

तिरंगे के सम्मान में उमड़ी भीड़, कवर्धा में दिखा देशभक्ति का जज्बा

कवर्धा। कबीरधाम जिले का शहर कवर्धा शनिवार को तिरंगे के रंग से सराबोर रहा। तिरंगा यात्रा के दौरान चारों ओर देशभक्ति का जज्बा नजर आया। स्वंतत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ अमृत महोत्सव के अवसर पर यहां भारत जोड़ो हमर तिरंगा यात्रा का आयोजन विधायक व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के नेतृत्व में किया गया था।

भारत माता की जय.. वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ भारत माता चाैक से यात्रा प्रारंभ हुई। अपने हाथों में तिरंगा ध्वज उठाए महिलाओं पुरुषों, युवाओं से लेकर बच्चों के अलग-अलग समूहों में शामिल होकर राष्ट्रधारा से जुड़े होने के आभास के साथ गाैरवान्वित हुए।

तिरंगा यात्रा में कवर्धा शहर के साथ लोहारा, बोडला, रेंगाखार सहित दर्जनों गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। भारत माता चाैक से दोपहर को शुरु हुई हमर तिरंगा यात्रा करीब 15 किलोमीटर का सफर तय करते हुए शहर के पूरे 27 वार्ड़ों का भ्रमण कर गांधी मैदान में एक सभा के रुप में तब्दील हो गई।

इस दौरान यात्रा का शहरवासी स्वागत किए। वहीं मंत्री अकबर के अभिवादन के लिए उत्साहित रहे। पूरे शहर को तिरंगे झंडे से सजाया गया था। हर स्थान पर केवल और केवल तिरंगे का रंग नजर आ रहे थे। कार्यक्रम में पंडरिया की कांग्रेस विधायक ममता चंद्राकर, क्रेडा के सदस्य कन्हैया अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि शर्मा, अशोक सिंह पूरी यात्रा में शामिल रहे।

मंत्री अकबर ने सीधे किया संवाद
हमर तिरंगा यात्रा के दौरान मंत्री अकबर ने 27 वार्डों की जनता से मुखातिब हुए। उन्होंने बिना किसी औपचारिकता के अपनी बात बेहद सादगी से सधे हुए अंदाज में रखी। उनके भाषण के चुनिदा अंश।

ये है तिरंगे के सम्मान की यात्रा
हम सब आज यहां तिरंगा यात्रा में शामिल होने आए हैं। ये राजनीतिक यात्रा नहीं है। ये धर्म या समाज से जुड़ी यात्रा नहीं है। ये तिरंगे की शान में और उसके सम्मान में आयोजित यात्रा है। ये यात्रा दरअसल हमारा संकल्प है। भाइयों-बहनों जब हम तिरंगे की बात करते हैं, जब हम तिरंगा यात्रा निकालतें है तो हम ये जानते हैं कि हमारे देश के राष्ट्रीय ध्वज इस तिरंगे ने हमको कितनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। हम तो भारत माता के वो सिपाही हैं जिनकी पीढ़ियों ने इस तिरंगे के लिए कुर्बानियां दीं। शहादतें दीं। सीने पर गोलियां खाई…अपना लहू बहाया।

तिरंगा हमारा संकल्प
हमारे पुरखों ने संविधान के नाम पर हमें कागजों का एक पुलिंदा नहीं सौंपा था और न ही तिरंगा नाम का तीन रंगों का साधारण कपड़ा ही सौंपा था। दोस्तों हमारे पुरखों ने उस दिन हमसे एक संकल्प लिया था, वो संकल्प था इस देश की आजादी को सहेज कर रखना। आजादी की रक्षा का मतलब क्या है? इस बात को हमें समझना होगा।

काैन थे अंग्रेजों के मुखबीर
आज इस देश में ऐसे भी लोग हैं जो आजादी की लड़ाई के दौर में अंग्रेजों के पिट्ठू थे, उनके मुखबिर थे, उनसे माफी मांगते थे और उनसे पेंशन लेते थे। ये वो लोग हैं जिन्हें ना ये एहसास है कि आजादी का मूल्य क्या है। ना इस बात का एहसास है कि तिरंगे का सम्मान देश में अमन और भाईचारे से है। देश में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसरों से है। देश में एक मजबूत लोकतंत्र से है।

चंद उद्योगपतियों के हाथ देश गिरवी
इस दौरान मंत्री अकबर ने कहा देश को चंद उद्योगपतियों के हाथों गिरवी रख दिया जा रहा है। देश में आज तक की सबसे भयावह बेरोजगारी है। मंहगाई जीने नहीं दे रही है।हमारे औद्योगिक तीर्थ जिन्होंने बड़ी से बड़ी मंदी में भी इस देश की अर्थव्यवस्था को संभाला था, बेचे जा रहे है। जिस आधुनिक भारत का निर्माण गांधी जी के मूल्यों की प्रेरणा से पंडित नेहरू ने किया था उस आधुनिक भारत को नष्ट करने की साजिशें रची जा रही हैं।

आज लें ये संकल्प
तिरंगे का सम्मान तो इस बात में भी है साथियों की आज हम संकल्प लें कि हम आधुनिक भारत की उस कल्पना के साथ मजबूती से खड़े रहें। संकल्प लें कि हम अपने लोकतंत्र की रक्षा करेंगे। साथियों मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कांग्रेस पार्टी ही वो पार्टी है जिसने आजादी के लिए सिर्फ लड़ाई ही नहीं लड़ी.. बल्कि अपनी आजादी को बचाने के लिए भी हमारे नेताओं ने शहादतें दीं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादतें इस बात की प्रतीक हैं।

देश में भूपेश सरकार के छत्तीसगढ़ माॅडल की चर्चा
मंत्री अकबर ने आगे कहा आज हमारे राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार इसी रास्ते पर है। आज छत्तीसगढ़ में गांधी जी और नेहरू जी के मूल्यों पर काम हो रहा है। हम गरीबी से लड़ रहे हैं। बेरोजगारी को मात देने की कोशिश कर रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐसे काम कर रहे हैं जिनकी वजह से देश में भूपेश सरकार के छत्तीसगढ़ मॉडल की चर्चा हो रही है।

तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में इनका रहा सहयोग
हमर तिरंगा यात्रा को सक्रिय भागीदारी से सफल बनाने वालों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नीलू चंद्रवंशी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मोहित माहेश्वरी, आकाश केशरवानी शहर जिला अध्यक्ष यूवा कांग्रेस, राजेश माखीजानी, कांग्रेस नेता कलीम खान, प्रभाती मरकाम, दुरपत गढ़ेवाल, सनद जायसवाल, तुकाराम चंद्रवंशी, मुखीराम मरकाम, रामकुमार पटेल, हंस राम धुर्वे, अजमतउल्ला खान, राजकुमार तिवारी, बोड़ला ब्लाक अध्यक्ष पीतांबर वर्मा, कांग्रेस मीडिया प्रभारी गोरेलाल चंद्रवंशी, ब्लाक अध्यक्ष रेंगाखार सुमरन सिंह धुर्वे, ब्लाक अध्यक्ष लोहारा रामचरण पटेल, ब्लाक अध्यक्ष कवर्धा ग्रामीण होरी लाल साहू, विक्की वर्मा आदि शामिल थे।

scroll to top