Close

प्रदेश के 27 पुलिस अधिकारियों को मिला वीरता का राष्ट्रीय पदक

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के 75वीं वर्षगांठ पर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी के तहत स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस परेड ग्राउंड के समारोह में 43 पुलिस अधिकारियों को सम्मानित करने के साथ बेहतर काम करने वाले 3 श्रेष्ठ गौठानों को पुरस्कार प्रदान किया।

लगातार बारिश के बाद भी स्वतंत्रता दिवस का उत्साह दिखा। पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य अतिथि के तौर पर सीएम बघेल जैकेट में लाल गुलाब लगाए हुए नजर आए। वहीं कतारबद्ध छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ केंद्रीय बल और एनसीसी के कैडेट आयोजन को चार चांद लगा रहे थे।

इस अवसर पर निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट में छत्तीसगढ़ पुलिस के अलावा सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पुरुष और महिला प्लाटून, नगर सेना, भारतीय तिब्बत सेना और एनसीसी की बालक-बालिका प्लाटून के साथ पुलिस बैंड शामिल हुई।

इस मौके पर राष्ट्रपति द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के इन अफसरों को पुलिस वीरता पदक, विशिष्ट सेवा पदक एवं सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया। 15 अधिकारियों को वीरता, 10 को मेरिटोरियस सर्विस मेडल और 2 दो पुलिस मेडल दिया गया।

वीरता पदक से सम्मानित होने वाले अफसरों में टीआई मालिक राम, एसआई अलरिक लकड़ा, महेन्द्र पोटाई, सुक्कुराम नाग, डॉ. अभिषेक पल्लव, राम अवतार पटेल, डिलेश्वर कुमार सोनवानी के नाम शामिल हैं। वहीं जयलाल उईके, कनेर उसेंडी और श्याम किशोर शर्मा को मरणोपरांत वीरता पदक से सम्मानित किया गया।

इसी तरह विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव शुक्ला, टीआई बिश्नु प्रसाद देशमुख को सम्मानित किया गया। सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक प्राप्त करने वालों में पी सुंदरराज, आईजी बस्तर, ओम प्रकाश पाल आईजी, राजेश कुकरेजा, विजय कुमार पाण्डेय, रति राम नेताम आदि शामिल हैं।

scroll to top