Close

सत्ता वापसी की तैयारी मेंः स्थिति टटोलने छत्तीसगढ़ आने वाले हैं भाजपा के राष्ट्रीय नेता शाह और नड्डा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में वापसी की स्थिति जानने बीजेपी में राष्ट्रीय स्तर पर मंत्रणा शुरू हो गई है। सीजी में स्थिति टटोलने अध्यक्ष जेपी नड्डा अगस्त के आखरी सप्ताह में यहां आने वाले हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सितंबर के शुरुआती सप्ताह में रायपुर आ सकते हैं।

बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा प्रदेश के दौरे में स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान नड्‌डा प्रदेश स्तर के नेताओं से मिलेंगे, इसके साथ ही वो बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।

वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमीत शाह प्रदेश के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे मोदी सरकार के अब तक के कामकाज के प्रचार और प्रदेश में केंद्रीय योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार वे अलग-अलग समाज के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।

इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने जानकारी दी है। बताया गया कि बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा अगस्त के आखरी सप्ताह में, व अमित शाह सितंबर के शुरुआती सप्ताह में रायपुर आएंगे।

इधर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सीजी पहुंचने को लेकर कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आंनद शुक्ला ने भाजपा की स्थिति पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी होने का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को यहां आकर बूथ लेवल की बैठक लेनी पड़ रही है।

कांग्रेस के संचार प्रमुख शुक्ला ने आगे कहा भारतीय जनता पार्टी के सबसे बड़े रणनीतिकार मानने वाले अमित शाह छत्तीसगढ़ आते हैं और छत्तीसगढ़ में लगभग एक दर्जन केंद्रीय मंत्रियों के दौरे के बाद आकर समीक्षा करते हैं तो यही इस बात का द्योतक है कि कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार के पास कोई मुद्दा नहीं है।

कांग्रेस के संचार प्रमुख के वक्तव्य पर बीजेपी प्रवक्ता केदार गुप्ता ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कैडर बेस पार्टी है। यहां परिवारवाद नहीं चलता, गांधी परिवार में तो जब तक रहेंगे मैं अध्यक्ष नहीं तो मेरा बेटा अध्यक्ष चलता है। भारतीय जनता पार्टी परफॉर्मेंस देती है।

गुप्ता ने आगे कहा भाजपा पार्टी के सिद्धांतों को हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बूथ लेवल तक ले जाते हैं। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष तो राजा होते हैं। घर में बैठकर आर्डर चलाते हैं, वह आएंगे और सभी गली-मोहल्लों में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जाएंगे।

scroll to top