#राष्ट्रीय

‘वंदे मातरम’ पर सियासी घमासान, सोनिया गांधी के खिलाफ थाने पहुंची BJP

Advertisement Carousel

० मंगलूरू में भाजपा नेता ने दर्ज कराई शिकायत, FIR की मांग; कार्रवाई नहीं होने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
मंगलूरू। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ के दौरान सोनिया गांधी के कथित हाव-भाव को लेकर विवाद बढ़ गया है। इस मामले में कर्नाटक के मंगलूरू में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ उरवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा नेता ने लगाया गंभीर आरोप

भाजपा नेता विकास पुत्तुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम’ बजाया जा रहा था। उनके मुताबिक, इसी दौरान सोनिया गांधी ने कथित तौर पर कार्यक्रम में हस्तक्षेप किया और पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘वंदे मातरम’ रोकने के लिए निर्देश दिया।

विकास पुत्तुर ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम को देश ने देखा है और इसे लेकर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि ‘वंदे मातरम’ का अपमान करने वाले व्यक्ति के खिलाफ उसके पद या राजनीतिक हैसियत की परवाह किए बिना कार्रवाई की जानी चाहिए।

FIR की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो हाईकोर्ट जाने की चेतावनी

भाजपा नेता ने उरवा थाने में शिकायत देकर सोनिया गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यदि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार और पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है, तो वह कर्नाटक हाईकोर्ट में पीसीआर दाखिल करेंगे। उन्होंने न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह मामले को आगे कानूनी स्तर पर ले जाएंगे।