#प्रदेश

जगदलपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ पर बवाल, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प; विजय शर्मा से भी हुई बहस

Advertisement Carousel

 

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जगदलपुर में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को विवाद हो गया। दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक तक दीप प्रज्वलन की तैयारियों के बीच बैरिकेडिंग और दुकानों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला बहस से बढ़कर धक्का-मुक्की और झड़प तक पहुंच गया। घटना के बाद मौके पर जूते-चप्पल और अन्य सामान बिखरा नजर आया।

दुकानों और रास्ते को लेकर कांग्रेस ने जताई आपत्ति

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि आयोजन की तैयारियों के लिए की गई बैरिकेडिंग और स्टॉल-ठेले हटाए जाने से स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों को परेशानी हो रही है। इसी को लेकर कांग्रेस ने मौके पर विरोध और नारेबाजी शुरू की।

इसी दौरान भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ महापौर संजय पांडे भी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत तीखी बहस में बदल गई और कुछ देर बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

मौके पर पहुंचे विजय शर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बहस

विवाद के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा भी आयोजन स्थल के निरीक्षण के लिए पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके सामने भी आयोजन स्थल और दुकानों से जुड़े मुद्दे को लेकर अपनी आपत्ति रखी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

मामला बढ़ता देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बावजूद कुछ समय तक नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।

सवा लाख दीयों से जगमगाने की तैयारी

जगदलपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सवा लाख दीप जलाने की तैयारी की गई है। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर और सिरहासार चौक आयोजन के प्रमुख केंद्र हैं। कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है, जिसके तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनसेवा और सामाजिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

आयोजन को लेकर शुरू हुआ स्थानीय विरोध अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और कार्यकर्ताओं के बीच टकराव में बदल गया है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं।