Close

मुख्यमंत्री आवास योजना के नाम पर छत्तीसगढ़ में एक नई सियासी ड्रामेबाजी : सरोज पांडेय

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डॉ. सरोज पाण्डेय ने सोमवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री आवास योजना के नाम पर छत्तीसगढ़ में एक नई सियासी ड्रामेबाजी करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। डॉ. पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 16 लाख से ज्यादा लोगों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आवास नहीं दिया और प्रदेश की गरीब जनता के साथ विश्वासघात किया। इस योजना के नाम पर होने जा रहे सम्मेलन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी फिर से झूठ बांटने आ रहे हैं। इस योजना के नाम पर आज राहुल गांधी छत्तीसगढ़ की जनता को झूठ बाँटने आए हैं, क्योंकि सच तो वह है, जो आज के उपमुख्यमंत्री और तत्कालीन पंचायत मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए पत्र लिखकर मुख्यमंत्री बघेल को दोषी ठहराया था।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डॉ. पाण्डेय ने सिंहदेव के उस पत्र का हवाला दिया, जिसमें सिंहदेव ने 16 जुलाई 2022 को मुख्यमंत्री बघेल को लिखा था कि ‘ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के आवासविहीन लोगों को आवास बनाकर दिया जाना था। जिसके लिए मैंने कई बार आपसे चर्चा कर राशि आवंटन का अनुरोध किया था। किंतु इस योजना में राशि उपलब्ध नहीं की जा सकी। फलस्वरूप प्रदेश के लगभग 8 लाख लोगों के लिए आवास नहीं बनाए जा सके। इसके अतिरिक्त 8 लाख घर बनाने में करीब 10 हजार करोड़ रुपए प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सहायक होते। हमारे जन घोषणा पत्र में छत्तीसगढ़ के 36 लक्ष्य अंतर्गत ग्रामीण आवास का अधिकार प्रमुख रूप से उल्लेखित है। विचारणीय है कि प्रदेश में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बेघर लोगों के लिए एक भी आवास नहीं बनाया जा सका और योजना की प्रगति निरंक रही। मुझे दु:ख है, इस योजना का लाभ प्रदेश के आवासविहीन लोगों को नहीं मिल सका। अतः में अपने पद से त्यागपत्र देता हूं।’ डॉ. पाण्डेय ने कहा कि यह भाजपा का नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार के मंत्री का अपनी ही सरकार पर स्पष्ट आरोप है। क्या यह पत्र राहुल गांधी ने पढ़ा है? और, अगर नहीं पढ़ा है तो पहले उन्हें छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगते हुए अपने मंत्री के प्रश्न का उत्तर देना चाहिए।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डॉ. पाण्डेय ने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा ने जनता के हक की लड़ाई सड़कों पर लड़ने की शुरुआत की और उसे सफलता मिली, तब मुख्यमंत्री और उनकी पूरी सरकार कहीं-न-कहीं इस विषय से घबराने लगी। उसके बाद मुख्यमंत्री बघेल ने एक नया झूठ परोसकर मुख्यमंत्री आवास योजना की घोषणा की है और मोहब्बत की दुकान में नफरत का सामान बाँटने की शुरुआत करने वाले, भारत की राजनीति को बहुत कम समझने वाले, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले अपने नेता को यहाँ पर बुलाकर इस योजना की शुरुआत कराई। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डॉ. पाण्डेय ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यजनक और प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात है।

जिन 16 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास दिया जाना था, उन्हें आवास सिर्फ इसलिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने नहीं दिया, क्योंकि मुख्यमंत्री बघेल के मुताबिक इसमें प्रधानमंत्री शब्द लिखा है तो इसका पूरा पैसा केंद्र की सरकार दे। मुख्यमंत्री की इस ओछी राजनीतिक सोच के चलते प्रदेश के कांकेर में प्रधानमंत्री आवास की प्रतीक्षा सूची में शामिल परिवार के पांच सदस्य कच्चा घर गिरने से दबकर मर गए। इसके दोषी मुख्यमंत्री बघेल हैं। डॉ. पाण्डेय ने कहा कि 15 मार्च 2023 को जनता जब कांग्रेसी मुख्यमंत्री से अपने आवास मांगने विधानसभा परिसर में पहुँची तो मुख्यमंत्री ने चर्चा करने के बजाय पुलिस को आगे करके उन पर बम फिंकवाये, जिसमें बड़ी संख्या में जनता घायल हुई। राहुल गांधी और मुख्यमंत्री बघेल ने उन पीड़ितो से आज तक माफ़ी नहीं मांगी है।

 

scroll to top