#प्रदेश

CG Bus Fare Hike: छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा बस किराया, पहले 5 KM के लिए ₹2 ज्यादा देने पड़ सकते हैं; जल्द होगा ऐलान

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बसों से सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर जल्द अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। राज्य सरकार ने बस किराया बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति बना ली है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को हुई साय कैबिनेट की बैठक में किराया संशोधन के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। परिवहन मंत्री एक-दो दिन में नए किराए का ऐलान कर सकते हैं।

पहले 5 किलोमीटर का किराया ₹10 से बढ़कर ₹12 संभव

प्रस्ताव के मुताबिक, बस यात्रा के शुरुआती 5 किलोमीटर का किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये किया जा सकता है। इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 1.75 रुपये की दर से किराया लेने का प्रस्ताव है। फिलहाल अतिरिक्त दूरी के लिए करीब 1 रुपये प्रति किलोमीटर की दर लागू है।

हालांकि, अंतिम किराया दरों को लेकर सरकार स्तर पर समीक्षा जारी है। इसलिए घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा कि प्रस्तावित दरें किस रूप में लागू की जाती हैं।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े होंगे नियम

बस किराया बढ़ाने के साथ ही सरकार बस यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी नए नियम लागू करने की तैयारी में है। प्रस्ताव के अनुसार, यदि बस में पहली या आखिरी यात्री कोई महिला होती है, तो उस बस की लाइव ट्रैकिंग अनिवार्य की जा सकती है।

इसके अलावा सभी बसों में एक्टिव कैमरा और ट्रैकिंग सिस्टम लगाना भी जरूरी किए जाने की तैयारी है। इसका उद्देश्य बसों की निगरानी और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

चार साल से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे बस ऑपरेटर

छत्तीसगढ़ के बस ऑपरेटर पिछले करीब चार वर्षों से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। ऑपरेटरों का कहना है कि डीजल की कीमतों के साथ बसों के मेंटेनेंस, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्च लगातार बढ़े हैं। ऐसे में मौजूदा किराए पर बसों का संचालन करना मुश्किल हो रहा था।

हाल ही में परिवहन मंत्री केदार कश्यप और बस ऑपरेटरों के बीच हुई बैठक में किराया संशोधन को लेकर चर्चा हुई थी। अब सरकार की ओर से जल्द ही नए किराए की आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।