#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई करीब, अगले 48 घंटे में बदल सकता है मौसम का मिजाज

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का समय करीब आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। बारिश का दौर थमने के बाद अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है, जबकि रात के समय हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है।

गुरुवार को प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और किसी भी इलाके में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम के बदलते मिजाज के बीच फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 2 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। फिलहाल रायपुर में बारिश की संभावना नहीं है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में रात सबसे ठंडी

पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव 34.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे प्रदेश में दिन और रात के तापमान के बीच अच्छा खासा अंतर बना हुआ है। दिन में जहां गर्मी महसूस हो रही है, वहीं रात के तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है।

अगले 24 घंटे मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे भी छत्तीसगढ़ में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश या अन्य मौसम संबंधी विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

कई राज्यों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है।

अगले 48 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों के साथ गुजरात और मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों तथा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से मानसून की और वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है।

इसी क्रम में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और कमी आने तथा मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने की संभावना है।