Close

World cup 2023: अफगानिस्तान ने किया बड़ा पलटवार, रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 69 रन से हराया, अब पॉइंट टेबल में हुआ बदलाव

स्पोर्ट्स न्यूज़। विश्व कप 2023 का रोमांच अब फैंस के सिर चढ़कर बोलने लगा है। रविवार को एक रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान ने डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को 69 रन से हरा दिया। यह इस विश्व कप का पहला उलटफेर रहा। हशमतुल्लाह शाहिदी की टीम ने 2015 के बाद वनडे विश्व कप में पहली जीत हासिल की। इस हार से इंग्लैंड के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीदों को झटका जरूर लगा है। हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि अभी भी टीम के पास छह मैच बचे हैं और यहां से जोस बटलर की टीम को सभी मैच जीतने होंगे।

इस बार विश्व कप 10 टीमों के बीच राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जा रहा है। लीग राउंड में एक टीम बाकी नौ टीमों से भिड़ेगी और अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। 2019 में भी इसी फॉर्मेट में विश्व कप खेला गया था और तब भारत अंक तालिका में शीर्ष पर रहा था। भारत ने सात मैच जीते थे। ऐसे में इंग्लैंड के लिए एक या दो और हार उनके लिए सेमीफाइनल का रास्ता बेहद मुश्किल कर सकती है। इतना ही नहीं पैट कमिंस की ऑस्ट्रेलियाई टीम पर भी यही खतरा मंडरा रहा है। आइए देखते हैं अंक तालिका का क्या हाल है…

जानें अफगानिस्तान-इंग्लैंड मैच में क्या हुआ?
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की पारी 49.5 ओवर में 284 रन पर सिमट गई। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 57 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्के की मदद से 80 रन की पारी खेली। वहीं, इक्राम अलिखिल ने 58 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद को तीन विकेट मिले। जवाब में इंग्लैंड की पारी 40.3 ओवर में 215 रन पर सिमट गई। हैरी ब्रूक ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए मुजीब उर रहमान और राशिद खान ने तीन-तीन विकेट लिए।

अंक तालिका में शीर्ष पर है टीम इंडिया
रोहित शर्मा की भारतीय टीम फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर है। उसने अभी तक तीन में से तीनों मुकाबले जीते हैं। पहले मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से, दूसरे मैच में अफगानिस्तान को आठ विकेट से और तीसरे मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था। भारत के फिलहाल तीन मैचों में छह अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.821 है। इस विश्व कप में अभी तक तीन ही टीमें ऐसी हैं, जिसने अभी तक कोई मैच नहीं गंवाया है। भारत के अलावा न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें कोई मैच नहीं हारी हैं। दूसरे स्थान पर तीन मैचों में तीन जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम है। टीम के छह अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.604 है।

शानदार फॉर्म में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीकी टीम
कीवी टीम ने अपने पहले मैच में इंग्लैंड को नौ विकेट, दूसरे मैच में नीदरलैंड को 99 रन और तीसरे मैच में बांग्लादेश को आठ विकेट से हराया था। दक्षिण अफ्रीका ने दो मैच खेले हैं और दो मैचों में उसके चार अंक हैं। तेम्बा बावुमा की दक्षिण अफ्रीकी टीम का नेट रन रेट +2.360 के साथ फिलहाल सबसे ज्यादा है। बावुमा की टीम फिलहाल शानदार फॉर्म में चल रही है। इस टीम ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को 102 रन और दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 134 रन से हराया था। टीम का अगला मुकाबला नीदरलैंड से है। यह वही टीम है जिसने 2022 टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को सुपर-12 के मुकाबले में हराकर बड़ा उलटफेर किया था और इसका फायदा पाकिस्तान को हुआ था। ऐसें दोनों के बीच इस विश्व कप का मुकाबला भी दिलचस्प रहने वाला है।

वनडे विश्व कप 2023 मौजूदा अंक तालिका
टीमें                      मैच      जीते    हारे    अंक     नेट रन रेट
भारत                     3            3         0       6         +1.821
न्यूजीलैंड                3            3         0       6         +1.604
दक्षिण अफ्रीका       2           2          0      4          +2.360
पाकिस्तान               3           2          1     4            -0.137
इंग्लैंड                     3           1          2      2          -0.084
अफगानिस्तान         3          1          2      2            -0.652
बांग्लादेश               3           1          2       2           -0.699
श्रीलंका                   2           0         2        0           -1.161
नीदरलैंड               2             0        2          0          -1.800
ऑस्ट्रेलिया             2           0          2        0             -1.846

इंग्लैंड की टीम पांचवें स्थान पर लुढ़की
वहीं, चौथे स्थान पर बाबर आजम की पाकिस्तान टीम है। उसके तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक हैं। शुरुआती दो जीत के बाद पाकिस्तानी टीम का नेट रन रेट पॉजिटिव था, लेकिन भारत से तीसरे मैच में हार के बाद टीम का नेट रन रेट नेगेटिव हो गया है। बाबर की टीम का नेट रन रेट फिलहाल -0.137 है। पाकिस्तान का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम से है। यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। हारने वाली टीम का आगे का रास्ता बेहद मुश्किल हो सकता है। वहीं, अफगानिस्तान से हार के बाद इंग्लैंड की टीम शुरुआती चार टीमों की लिस्ट से बाहर होकर पांचवें स्थान पर आ चुकी है। उसके तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ दो अंक हैं। अफगानिस्तान की टीम से हारकर इंग्लिश टीम का नेट रन रेट और गिर गया है। यह -0.084 हो चुका है।

अफगानिस्तान की टीम ने छठे स्थान पर लगाई छलांग
इंग्लैंड को अब शीर्ष चार में आने के लिए यहां से सभी मैच जीतने होंगे और इसके बाद भी नेट रन रेट का रोल काफी अहम रहेगा। अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को हराकर इस विश्व कप में अपनी जीत का खाता खोला। उसके भी तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ दो अंक हैं। अफगानिस्तान की टीम इंग्लैंड के ठीक नीचे छठे स्थान पर है। उसका नेट रन रेट -0.652 है। इस टीम का अगला मुकाबला न्यूजीलैंड से चेन्नई में है, जो कि बेहद ही दिलचस्प होगा, क्योंकि चेपॉक में गेंद काफी स्पिन करती है और अफगानी टीम के पास राशिद खान, मुजीब उर रहमान और नबी जैसे दिग्गज स्पिनर हैं। बांग्लादेश तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ दो अंक लेकर सातवें स्थान पर है। उसका नेट रन रेट -0.699 है। शाकिब अल हसन की टीम का अगला मुकाबला भारत से 19 अक्तूबर को है।

scroll to top