Close

जशपुर नगर : गंगा मईया एवं कनक स्व सहायता समूह की महिलाएं गोधन से इको फ्रेंडली दीया कर रही तैयार

जिले में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा गोठान में वर्मी कम्पोस्ट के अलावा दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए गोबर से विभिन्न प्रकार के दीया एवं अन्य उत्पाद का निर्माण कर रही है। जिसके अंतर्गत विकासखण्ड दुलदुला के कोरना पंचायत की गंगा मईया महिला स्व सहायता एवं कुनकुरी विकासखंड की कनक समूह की महिलाओं द्वारा इको फ्रेंडली कलात्मक एवं आकर्षक गोबर के दीया, कैंडल सहित अन्य सामान का निर्माण किया जा रहा है। समूह के द्वारा बनाए जा रहे सामग्री के निर्माण से जहां जशपुर जिला दीपावली पर्व पर जगमगा उठेगा वहीं समूह की महिलाओं को भी आर्थिक आमदनी में बढ़ोत्तरी होगी।

स्व-सहायता समूह की महिलाओं को शासन द्वारा गोबर से दीया एवं अन्य सामग्री बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया

प्रशासन के द्वारा नियमित रूप से महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें विभिन्न प्रकार के कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। जिसके तहत् गंगा मईया एवं कनक स्व-सहायता समूह की महिलाओं को शासन द्वारा गोबर से दीया एवं अन्य सामग्री बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही उन्हें आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न हो और वे आसानी से गोबर से दीया एवं अन्य सामग्री का निर्माण कर उचित मूल्य पर बाजारों में विक्रय कर अपनी आमदनी में बढ़ोत्तरी कर सके।

गंगा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष ने बताया कि दीपावली को ध्यान में रखते हुए उनके द्वारा सामग्री का निर्माण किया गया है। उनके द्वारा गोबर से दीया अन्य सजावट के सामान भी बनाए जा रहे है। जिनका मूल्य निर्धारण कर स्टॉल लगाकर विक्रय किया जा रहा है। साथ ही सी मार्ट सहित अन्य संस्थानों में भी विक्रय हेतु उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके दीयों के आकर्षक डिजाइन को आम जनों से काफी प्रोत्साहन मिला है। उक्त सामग्री के विक्रय से समूह की महिलाओं में काफी उत्साह है। जिससे वह अब प्रत्येक त्यौहार में आवश्यकतानुसार सामग्री का निर्माण करेंगी। विगत वर्ष गंगा स्व सहायता समूह की महिलाओं को दीया बेचकर लगभग 30 हजार रूपए की आमदनी हुई थी। इस वर्ष भी उन्हें अच्छी आमदनी होने की उम्मीद है।

गिरजाघरों द्वारा भी कैंडल दीया की मांग

इसी प्रकार कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत चटकपुर की कनक स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा कैंडल दीया एवं गोबर से दीया बनाया गया है। इस हेतु उन्हें जिला प्रशासन के माध्यम से आरसेटी द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है। कनक समूह की महिलाओं द्वारा वर्तमान में लगभग 900 आकर्षक डिजाइन वाले दीयों का निर्माण कर लिया गया है। महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा स्थानीय बाजार के माध्यम से दीयों का विक्रय किया जाएगा। साथ ही सी मार्ट जशपुर द्वारा प्रारंभ में 300 नग एवं आरसेटी द्वारा 50 नग दीया प्रदाय करने हेतु आर्डर मिला है तथा गिरजाघरों द्वारा भी कैंडल दीया की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि दीया का साईज के अनुरूप विक्रय के लिए दर निर्धारित किया गया है जिसमें 10 से लेकर 40 रूपए तक के डिजाइनर दीये शामिल है। जिसके विक्रय से समूह की महिलाओं को अच्छी आमदनी की प्राप्ति होगी। समूह की महिलाओं ने जिला प्रशासन को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। जिससे उनके आमदनी में वृद्धि हो रही है।

 

 

 

यह भी पढ़े :-मुख्यमंत्री की घोषणा : चन्द्रपुर कॉलेज मुकुटधर पाण्डेय के नाम पर होगा

2 Comments
scroll to top