ओडिशा में दर्दनाक सड़क हादसा: बस और ऑटो की भीषण टक्कर, 6 लोगों की मौत, 4 गंभीर घायल

गंजाम। ओडिशा के गंजम जिले में शुक्रवार को एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लाडकापल्ली चौराहे के पास तेज रफ्तार बस और ऑटो रिक्शा के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं।
टक्कर इतनी जोरदार कि मौके पर मची चीख-पुकार
पुलिस के मुताबिक हादसे के समय ऑटो रिक्शा में कई यात्री सवार थे। तेज रफ्तार बस ने ऑटो को सीधे टक्कर मार दी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
3 की मौके पर मौत, 3 ने अस्पताल में तोड़ा दम
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, तीन अन्य घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी मृतक और घायल एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घायलों को बरहामपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल चार लोगों को पहले कोडाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मंदिर जा रहे थे यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस पुरुषोत्तमपुर से बरहामपुर की ओर जा रही थी, जबकि ऑटो रिक्शा में सवार लोग मां सिंहासिनी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।





