कांकेर-नारायणपुर सीमा पर नक्सली डंप बरामद, भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार जब्त

कांकेर। कांकेर और नारायणपुर सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने जंगलों में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया है, जहां से हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सली उपयोग के कई सामान जब्त किए गए हैं।
जंगल में जमीन के नीचे छिपाया गया था डंप
जानकारी के अनुसार कोयलीबेड़ा और छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया। कांकेर-नारायणपुर सीमा के ग्राम पल्लाहूर और जपमरका के बीच पहाड़ी इलाके में गहन तलाशी के दौरान जमीन के नीचे छिपा नक्सली डंप मिला।
कार्रवाई में पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम शामिल रही। सुरक्षा बलों ने मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए।
बरामद सामग्री में हथियार और विस्फोटक शामिल
सुरक्षा बलों को मौके से 1 कंट्रीमेड बीजीएल लांचर, 25 बीजीएल सेल, 4 इम्प्रोवाइज्ड फायर कार्टिज, AK-47 का खाली कार्टिज, 5 किलो गन पाउडर, 10 बड़े सुतली बम, नक्सली वर्दियां, वायर, मेडिकल किट और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री मिली।
इसके अलावा छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर के जंगलों में चलाए गए अभियान के दौरान भी हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए।

800 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी जब्त
संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान 3 नग 12 बोर रायफल, 1 बीजीएल लांचर, 6 बीजीएल सेल, बारूद, नक्सली वर्दी और बड़ी संख्या में डेटोनेटर बरामद किए।
बरामद सामग्री में शामिल हैं:
800 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर
200 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर
3 नग 12 बोर रायफल
1 बीजीएल लांचर
6 बीजीएल सेल
बारूद और अन्य विस्फोटक सामग्री
लगातार जारी रहेगा अभियान
इस अभियान में डीआरजी कांकेर, डीआरजी नारायणपुर, बीएसएफ और बीडीएस टीम के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिससे नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है।
सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी सघन सर्चिंग अभियान जारी रहेगा।





