#crime #प्रदेश

तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 19 मवेशी बरामद, आधी रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement Carousel

आरंग। मवेशी तस्करी के खिलाफ आरंग थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर देर रात घेराबंदी कर एक माजदा वाहन को पकड़ा, जिसमें पशुओं को अमानवीय तरीके से भरकर ले जाया जा रहा था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गुदगुदा के पास नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध माजदा वाहन (UP 83 CT 8790) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 19 मवेशी ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले। पशुओं के लिए न तो पर्याप्त जगह थी और न ही चारा-पानी की कोई व्यवस्था की गई थी।

पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर वाहन को जब्त कर लिया। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी अशोक कुमार यादव (48) और ग्राम गुदगुदा निवासी खम्मनलाल कुर्रे (41) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का मानना है कि इस मामले के तार किसी बड़े अंतरराज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। फरार चालक समेत अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का दावा कर रही है।