कोरिया ट्रिपल मर्डर केस: भाजपा नेता समेत तीन की मौत के बाद प्रशासन सख्त, प्रभावित क्षेत्रों में धारा 163 लागू

कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की मौत के बाद हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी गई है।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार बैकुंठपुर के महलपारा, नौगई गांव तथा कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रशर प्लांट क्षेत्र के 300 मीटर दायरे में विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस अवधि में किसी भी प्रकार के जुलूस, धरना-प्रदर्शन, आमसभा, घातक हथियारों और विस्फोटक सामग्री के साथ लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। साथ ही आपत्तिजनक नारेबाजी, पोस्टर वितरण और शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर लगा दी थी आग
गौरतलब है कि मंगलवार को हुए विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे भरत सिंह गहरवार अपने साथियों योगेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, मयंक सिंह और नागेंद्र सिंह के साथ ग्राम कटगोड़ी पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पुराने विवाद को लेकर मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अन्य लोगों ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
घटना में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनके साथी नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
पुलिस कर रही जाँच
पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





