मोहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराया, करंट लगने से 2 की मौत, 15 झुलसे

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मोहर्रम के जुलूस के दौरान गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम हतनारा में ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे पूरे ताजिए में करंट फैल गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए। कई अन्य लोग भगदड़ और अफरा-तफरी में घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे गांव में मोहर्रम का ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान करीब 15 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकरा गया। बिजली का तेज करंट पूरे ताजिए में फैल गया और उसे उठा रहे व आसपास चल रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग सड़क पर गिर पड़े।
घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से रतलाम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में 32 वर्षीय राशिद खान और जिला अस्पताल में 40 वर्षीय सड्डू (मोहम्मद हुसैन) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में अख्तियार खान, अनस, शकील, रईस, मोहम्मद खान, वाहिद खान, अरबाज खान, इब्राहिम, इरफान, फारूख और रहीम सहित कई लोग झुलस गए हैं। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़ते नजर आ रहे हैं।




