#राष्ट्रीय

ऑपरेशन सिंदूर के 6 वीरों को राष्ट्र का सलाम: सरकार ने पहली बार सार्वजनिक किए शहीद जवानों के नाम

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। मई 2025 में आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा खुलासा किया है। सरकार ने पहली बार आधिकारिक तौर पर उन छह भारतीय सैन्य कर्मियों के नाम सार्वजनिक किए हैं, जिन्होंने इस अभियान के दौरान देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इन सभी वीर जवानों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की ‘रोल ऑफ ऑनर’ सूची में शामिल किए गए हैं।यह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुई शहादतों की पहली औपचारिक सार्वजनिक स्वीकृति मानी जा रही है।

आतंकी ठिकानों पर चला था ऑपरेशन सिंदूर

ऑपरेशन सिंदूर मई 2025 में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में मौजूद आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाकर चलाया गया सीमापार सैन्य अभियान था। इस अभियान में भारतीय सेना और वायुसेना ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया।

इन 6 वीर जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान

सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार शहीद होने वाले सैन्य कर्मियों में भारतीय सेना के पांच और भारतीय वायुसेना का एक जवान शामिल हैं—

सूबेदार मेजर पवन कुमार (मुख्यालय 10 इन्फैंट्री ब्रिगेड)
राइफलमैन सुनील कुमार (4 जम्मू एंड कश्मीर लाइट इन्फैंट्री)
लांस नायक दिनेश कुमार (5 फील्ड रेजिमेंट)
अग्निवीर मूड मुरलीनायक (851 लाइट रेजिमेंट)
हवलदार सुनील कुमार सिंह (237 फील्ड वर्कशॉप कंपनी)
सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (भारतीय वायुसेना, 39 विंग)

इन सभी वीर सैनिकों के नाम अब राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की ग्रेनाइट दीवारों पर भी अंकित किए जाएंगे।

हिमाचल के थे सूबेदार मेजर पवन कुमार

शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार जरियाल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल के निवासी थे। उनके सर्वोच्च बलिदान को भी राष्ट्र ने औपचारिक सम्मान दिया है।

देश की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले इन छह वीर जवानों को पूरा देश श्रद्धापूर्वक नमन कर रहा है।