#crime #प्रदेश

Sukma News: 62 लाख रुपये का गांजा जब्त, दो कारों से अंतर्राज्यीय तस्करी का भंडाफोड़, कर्नाटक के 3 तस्कर गिरफ्तार

Advertisement Carousel

० ओडिशा से लाया जा रहा था 68 किलो गांजा, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल और नकदी भी बरामद, पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सूखे नशे की अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया है। एर्राबोर थाना पुलिस ने दो कारों से 68 किलोग्राम गांजा बरामद कर कर्नाटक के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो सफेद रंग की कारों में अवैध गांजा लेकर तस्कर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के रास्ते गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर एर्राबोर बाजार के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया।

तलाशी के दौरान कारों से कुल 50 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ का वजन 68 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य 62.63 लाख रुपये आंका गया है।

फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्नाटक के बीदर जिले के निवासी सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल की गई दोनों कारों के साथ फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई है। मामले में पूरे तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इस अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।