#crime #प्रदेश

रायपुर में बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों से भारतीय पहचान बनाने का आरोप; ATS-पुलिस कर रही पूछताछ

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान शेख रेहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर से पकड़ा है। प्रारंभिक जांच में उसके पास मिले भारतीय दस्तावेजों के कथित तौर पर फर्जी होने की बात सामने आई है।

2000 में माता-पिता के साथ आया था रायपुर

पुलिस के मुताबिक, शेख रेहान वर्ष 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। वह लंबे समय से राजधानी में रह रहा था और संजय नगर में किराये के मकान में रहता था। वह पेशे से मोटर मैकेनिक बताया जा रहा है।

भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद

पुलिस ने उसके कब्जे से भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद किया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन दस्तावेजों को फर्जी तरीके से तैयार कराया गया। पुलिस अब दस्तावेजों की वैधता के साथ-साथ इन्हें बनवाने में मदद करने वाले लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

भारतीय पासपोर्ट से 4-5 बार बांग्लादेश जाने का दावा

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि शेख रेहान ने कथित तौर पर भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल कर चार से पांच बार बांग्लादेश की यात्रा की। पुलिस इन यात्राओं के रिकॉर्ड और उनके उद्देश्य की भी जांच कर रही है। जांच में उसके मूल रूप से बांग्लादेश के पार्वतीपुर का निवासी होने की जानकारी सामने आई है।

ATS और पुलिस की संयुक्त पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए ATS और पुलिस की टीमें उससे पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियां उसके रायपुर आने, भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज हासिल करने और बांग्लादेश आने-जाने से जुड़े तमाम पहलुओं को खंगाल रही हैं।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर फर्जी भारतीय दस्तावेज किस माध्यम से तैयार किए गए और इस पूरी प्रक्रिया में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की भूमिका थी या नहीं।

डिटेंशन सेंटर में रखने के बाद डिपोर्टेशन की तैयारी

पुलिस के अनुसार, जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेख रेहान को डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार BSF के माध्यम से बांग्लादेश भेजने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

फिलहाल पुलिस और ATS की पूछताछ जारी है। दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।