CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन बारिश के आसार, रायपुर में उमस बढ़ी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों में तापमान बढ़ने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। हालांकि, अगले सात दिनों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 21 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। लोरमी में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेंटीमीटर बारिश हुई।
वहीं तखतपुर और लालपुर थाना में 8-8 सेंटीमीटर, कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर तथा रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश में तापमान का हाल
गुरुवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, राजनांदगांव में 30.5 डिग्री और रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
फिलहाल प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। खासकर उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलने की उम्मीद कम है।





