गोल्फ के ग्लोबल मैप पर छत्तीसगढ़ की दस्तक, नवा रायपुर ओपन से बढ़ी प्रदेश की पहचान

रायपुर। छत्तीसगढ़ अब केवल क्रिकेट, हॉकी और पारंपरिक खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रोफेशनल गोल्फ के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ ने प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आने वाले समय में नवा रायपुर देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना सकता है।
मुख्यमंत्री साय ने नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस मौके पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे।
132 प्रोफेशनल गोल्फर दिखाएंगे हुनर, 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश-विदेश के कुल 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े स्तर की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का छत्तीसगढ़ में आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से सिर्फ खेलों को बढ़ावा नहीं मिलता, बल्कि राज्य की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होती है। साथ ही खेल पर्यटन को गति मिलती है और स्थानीय खिलाड़ियों तथा युवाओं को दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों से सीखने और प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने खुद खेला गोल्फ, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुद गोल्फ में हाथ आजमाया और शानदार शॉट लगाया। मुख्यमंत्री को गोल्फ खेलते देखकर वहां मौजूद खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और अतिथियों में खासा उत्साह नजर आया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दौर में गोल्फ ऐसा खेल माना जाता था, जिसके बारे में आम लोग सिर्फ सुनते थे या फिल्मों में खिलाड़ियों को खेलते देखते थे। लेकिन आज छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी हो रही है। उन्होंने इसे प्रदेश में बदलती खेल संस्कृति का संकेत बताया।
गोल्फ को बढ़ावा देने हरसंभव सहयोग देगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोल्फ अब केवल उद्योगपतियों और संपन्न वर्ग तक सीमित नहीं रह गया है। समय के साथ इस खेल का दायरा बढ़ा है और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी गोल्फ की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोल्फ के विकास, जरूरी सुविधाओं के विस्तार और बड़े टूर्नामेंट के आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
खेल अधोसंरचना के विस्तार पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़ते हुए खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंच दिलाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ में खेलों का वातावरण तैयार किया जा रहा है। प्रदेश में नेशनल ट्राइबल गेम्स, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
बस्तर से सरगुजा तक खिलाड़ियों को पर्यटन का न्योता
मुख्यमंत्री ने ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन’ में हिस्सा लेने पहुंचे देश-विदेश के खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि प्रतियोगिता के साथ समय निकालकर प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति को भी करीब से देखें।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को यहां आने का न्योता दिया। उन्होंने चित्रकोट जलप्रपात समेत बस्तर के प्राकृतिक स्थलों और सरगुजा की पहाड़ियों, जंगलों तथा सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का आग्रह किया।

हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट : कपिल देव
PGTI अध्यक्ष और 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोफेशनल टूर्नामेंट खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को प्रेरित करते हैं।
कपिल देव ने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित हो और आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और यहां खिलाड़ियों को मिलने वाला आतिथ्य भी विशेष है। उन्होंने भविष्य में छत्तीसगढ़ को दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तरह प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होने की संभावना जताई।
खिलाड़ियों को पसंद आ रहा छत्तीसगढ़ का माहौल
PGTI के CEO अमनदीप चहल ने कहा कि जब भी PGTI की टीम छत्तीसगढ़ आती है, उसका आत्मीय स्वागत होता है। यहां खेलने वाले खिलाड़ी गोल्फ कोर्स, वातावरण और व्यवस्थाओं से प्रभावित होकर दोबारा छत्तीसगढ़ आने की इच्छा जताते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब पर्यटन और अन्य खेलों के साथ-साथ एक उभरते हुए गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में भी बन रही है।
नवा रायपुर ओपन से बढ़ेगी प्रदेश की स्पोर्ट्स ब्रांडिंग
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। देश-विदेश के खिलाड़ियों की भागीदारी से नवा रायपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ प्रदेश में खेल पर्यटन और खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े प्रायोजकों, PGTI की टीम और सभी सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए प्रतियोगिता की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।





